‘वैक्सीन किंग’ साइरस पूनावाला भी गए लंदन, जानिए ‘देश छोड़ने’ पर क्या कहा

सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया के सीईओ अदार पूनावाला को देश छोड़ने की अफवाहों के बीच पूनावाला ग्रुप के चेयरमैन और उनके पिता सायरस पूनावाला भी लंदन पहुंच गए हैं। परिवारवालों के साथ-साथ उनके पिता के वहां पहुंचने के बाद पूनावाला के देश छोड़ने को लेकर अटकलें तेज़ हो गई हैं। हालांकि सायरस पूनावाला ने इस तरह की अफवाहों को निराधार और बेबुनियाद बताया है।  उन्होंने मीडिया को यह जरूर बताया है कि वो यूरोप में वैक्सीन की यूनिट लगाने पर विचार कर रहे हैं।

अंग्रेजी अखबार इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत करते हुए सायरस पूनावाला ने बताया कि वो हर साल गर्मी की छुट्टियों में लंदन आते हैं. उन्होंने कहा कि जो लोग भी ये कह रहे हैं कि वो और उनके बेटे देश छोड़ कर भाग गए हैं वो झूठ और बकवास बातें हैं. उन्होंने कहा, ‘मैं हर साल मई के महीने में लंदन आता हूं. अदार भी यहां बचपन से आ रहे है. ऐसे में मेरा और मेरे परिवार का यहां आना कोई नई बात नहीं है.’

बता दें कि सीरम इंस्‍टीट्यूट ऑफ इंडिया पुणे में कोविशील्ड नाम से कोरोना की वैक्सीन बना रही है. भारत में इस वक्त 90 फीसदी वैक्सीन इसी कंपनी से आ रही है. पिछले दिनों अदार पूनावाला ने कहा था कि वैक्सीन को लेकर उन पर खासा दबाव है. उन्होंने कहा था कि भारत में कोरोना वैक्‍सीन कोविशील्‍ड की जल्‍द सप्‍लाई करने की मांग वाली फोन कॉल उनके पास आ रही हैं. ये कॉल देश के कुछ सबसे पावरफुल लोग भी कर रहे हैं .इनमें राज्‍यों के मुख्‍यमंत्री, बिजनेस कंपनियों के प्रमुख और अन्‍य शामिल हैं. कॉल में कोविशील्‍ड की तत्‍काल सप्लाई की मांग की जा रही है.

नई यूनिट लगाने पर विचार:-सायरस पूनावाला ने ये भी बताया कि उनकी कंपनी यूरोप में नई यूनिट लगाने पर विचार कर रही है. कहा जा रहा है कि SII यूक्रेन या फिर ब्रिटेन में प्रोडक्शन यूनिट लगाने पर चर्चा कर रही है. सायरस ने कहा, ‘इस वक्त वैक्सीन का निर्माण पुणे में किया जा रहा है. लेकिन हमलोग यूरोप में प्लांट लगाने के बारे में सोच रहे है. फिलहाल इसके बारे में कोई जानकारी देना जल्दबाज़ी होगी’.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *