
तमिलनाडु के नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को पत्र लिखकर राजीव गांधी हत्याकांड के दोषियों के संबंध में राज्य सरकार की सिफारिशें स्वीकार करने का अनुरोध किया है। उन्होंने राष्ट्रपति से पूर्व प्रधानमंत्री की हत्या के सातों दोषियों की उम्रकैद की सजा माफ करने और उन्हें तत्काल रिहा करने का आदेश देने का अनुरोध किया है। 21 मई 1991 को राजीव गांधी की हत्या की गई थी.
उन्होंने राष्ट्रपति को लिखे पत्र में कहा कि दोषी करीब तीन दशक से ‘कैद का कष्ट’ सह रहे हैं और राज्य उनकी जल्द रिहाई की मांग कर रहा है. स्टालिन ने 19 मई को लिखे पत्र में कहा कि अधिकतर राजनीतिक दल उनकी बाकी बची सजा को माफ करने और तुरंत रिहा करने की मांग कर रहे हैं. यही इच्छा तमिलनाडु के लोगों की भी हैं. इस पत्र को गुरुवार को मीडिया के लिए जारी किया गया.
1991 में हुई थी राजीव गांधी की हत्या:-साल 1991 में हुई पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की हत्या के मामले में वी श्रीहरण उर्फ मुरुगन, उसकी पत्नी नलिनी, संथन, एजी पेरारिवलन, जयाकुमार, रॉबर्ट पेयास और पी रविचंद्रन को दोषी ठहराया गया है.
स्टालिन ने 9 सितंबर को तमिलनाडु सरकार द्वारा गर्वनर बनवारीलाल पुरोहित से किए गए आग्रह का भी जिक्र किया है. इसमें राज्य सरकार ने दोषियों की बाकी सजा को छोड़कर उनको पहले रिहा करने की गुजारिश की थी. तमिलनाडु की दोनों बड़ी पार्टियां, DMK और AIADMK दोषियों को रिहा करने के पक्ष में हैं.