
कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर के दौरान देशभर के 400 से ज्यादा डॉक्टरों को अपनी जान गंवानी पड़ी है. इंडियन मेडिकल एसोसिएशन की ताजा रिपोर्ट पर नजर डालें तो अकेले कोरोना सेकेंड वेव के कारण अब तक 420 डॉक्टरों की मौत हुई है, जिनमें दिल्ली में हुई मौतों की संख्या 100 है. वहीं, बिहार इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर है, जहां अब तक कोरोना की वजह 96 डॉक्टरों को अपनी जान गंवानी पड़ी है. वहीं तीसरे नंबर पर उत्तर प्रदेश रहा जहां 41 डॉक्टरों की कोरोना संक्रमण से मौत हो गई। चौथे नंबर पर गुजरात है जहां 31 डॉक्टरों की मौत हुई। इसी तरह आंध्र प्रदेश में 26, तेलंगाना में 20, ओडिशा-16,महाराष्ट्र-15, मध्य प्रदेश में 13 डॉक्टरों की जान चली गई।
इससे पहले कोरोना की पहली लहर में 747 डॉक्टरों की मौत हो गई थी। इस लहर में सबसे ज्यादा 91 डॉक्टरों मौत तमिलनाडु में हुई थी जबकि महाराष्ट्र में 81 डॉक्टरों की मौत हुई थी। पश्चिम बंगाल में 71, आंध्र प्रदेश में 70, कर्नाटक में 68 डॉक्टरों की मौत हुई थी। पहली और दूसरी लहर मिलाकर कोरोना संक्रमण से अबतक कुल 1,167 डॉ्क्टरों की जान चली गई।
आपको बता दें कि देशभर में कोरोना वायरस संक्रमण के एक दिन में 2.57 लाख नए मामले आए हैं। इसी के साथ संक्रमण के रोज आने वाले मामले लगातार छठे दिन तीन लाख से नीचे रहे। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने शनिवार को बताया कि संक्रमण के नए मामलों के साथ ही देश में कोविड-19 के कुल मामले बढ़कर 2,62,89,290 हो गए हैं। मंत्रालय के सुबह आठ बजे तक जारी आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटे में इस महामारी से 4,194 और लोगों के जान गंवाने से मृतकों की कुल संख्या 2,95,525 हो गई है। देश में उपचाराधीन मरीजों की संख्या कम होकर 29,23,400 रह गई है जो संक्रमण के कुल मामलों का 11.12 प्रतिशत है।