
दुनियाभर में फैली कोरोना महामारी के चलते आम लोगों का ही नहीं, कई सेलेब्स का रोजगार और आर्थिक स्थिति भी प्रभावित हुई है. महामारी के कारण कई सेक्टर नुकसान झेल रहे हैं, जिसमें मनोरंजन जगत भी शामिल है. अब तक कई सेलेब कोरोना के चलते काम ना होने और अपनी खराब आर्थिक स्थिति का खुलासा कर चुके हैं. इस बीच ‘मिर्जापुर के ‘पंडित जी’ यानी राजेश तैलंग की एक फोटो तेजी से वायरल हो रही है. एक्टर की इस फोटो ने उनके फैंस की चिंता बढ़ा दी है. क्योंकि, इसमें राजेश तैलंग सड़क पर खोमचा लगाए दिखाई दे रहे हैं.
राजेश तैलंग की ये फोटो देखकर कई यूजर उनसे सवाल कर रहे हैं और चिंता जाहिर कर रहे हैं. एक्टर ने ये फोटो खुद ही शेयर की है. उन्होंने ट्विटर पर अपनी ये फोटो पोस्ट की है, जिसमें वह सड़क पर खोमचा लगाकर राम लड्डू बेचते नजर आ रहे हैं. नीली शर्ट में खड़े राजेश तैलंग कैमरे की ओर निहारते नजर आ रहे हैं. इसके साथ उन्होंने कैप्शन में लिखा है- ‘लॉकडाउन खुले, कोरोना जाए तो फिर से धंधे पे लगें.’ इसके अलावा एक्टर ने इस फोटो के साथ कुछ और नहीं बताया है.
मिर्जापुर के अब तक दो सीजन आ चुके हैं. दोनों में ही राजेश तैलंग ने अहम भूमिका निभाई थी. इस सीरीज में वह एक वकील की भूमिका में हैं, जो कि गुड्डू भईया (अली फजल) के पिता हैं. सीरीज के लिए राजेश को जमकर तारीफें भी मिली थीं. बता दें कि अब तक कई एक्टर्स आर्थिक तंगी से जूझने की अपनी मुश्किलों को सोशल मीडिया पर शेयर कर चुके हैं. बात करें राजेश तैलंग द्वारा शेयर की गई इस लेटेस्ट फोटो की, तो फैंस इस फोटो पर मजे लेकर ढेरों कमेंट्स कर रहे हैं. एक यूजर ने लिखा- वकालत से सीधा इस धंधे में घुस गए गुरू. तो दूसरे ने लिखा, सर मेरा थोड़ा तीखा बनाना.