तेज बारिश की वजह से मुंबई के निचले इलाकों में पानी भर गया है, घरों के अंदर तक पानी आ गया है और लोगों को सहायता मांगनी पड़ रही है. चेंबूर, पारेल, हिन्दमाता, वडाला समेत कई इलाकों में ट्रेन सर्विस अन्य यातायात की सर्विस को पूरी तरह से रोक दिया गया है. कुछ जगह लोगों को बचाने के लिए प्रशासन को बोट तक चलानी पड़ी.| अभी मुंबई में तेज बारिश नहीं हो रही है, लेकिन पानी भरा हुआ है. अलग-अलग इलाकों में NDRF की कुल 16 टीमें तैनात हैं.
मौसम विभाग और बीएमसी की ओर से अपील की जा रही है कि लोग अपने घरों से बाहर ना निकलें, क्योंकि हालात पूरे शहर में खराब हैं और कोई भी कहीं पर फंस सकता है.
मुंबई में तेज बारिश होने के कारण ट्रेन के ट्रैक पर भी पानी भर गया, जिसके कारण दो लोकल ट्रेनें फंस गई. जिसके बाद NDRF की टीमों ने इन ट्रेनों में से 290 लोगों का रेस्क्यू किया.
मौसम विभाग के अनुसार, मुंबई-ठाणे-पालघर जैसे इलाकों में रिकॉर्डतोड़ बारिश हुई है. 12 घंटे के भीतर मुंबई में 215.8 MM तक बारिश हो गई थी, जबकि हवा की रफ्तार भी 100 किमी. प्रति घंटा से अधिक रही. यही कारण है कि कई जगह पेड़, बोर्ड टूटे हुए हैं और घरों को भी नुकसान पहुंचा है.

