भोपाल एयरपोर्ट पर फोन करके विमान को हाईजैक कर पाकिस्‍तान ले जाने की धमकी दी, युवक अरेस्‍ट

मध्य प्रदेश के भोपाल और इंदौर एयरपोर्ट पर विमान हाईजैक कर पाकिस्तान ले जाने की धमकी से हड़कंप मच गया। पुलिस ने कथित धमकी देने वाले 34 वर्षीय व्यक्ति को शुजालपुर कस्बे से गिरफ्तार किया। इस बीच दोनों हवाई अड्डों पर सुरक्षा व्यवस्था चौकस कर दी गई है।पुलिस युवक से पूछताछ कर रही है.

भोपाल के गांधीनगर पुलिस थाने के प्रभारी निरीक्षक अरुण शर्मा ने बुधवार को बताया, ‘‘ भोपाल एयरपोर्ट पर फोन करके विमान को अगवा कर पाकिस्तान ले जाने की धमकी देने वाले 34 वर्षीय व्यक्ति को कल देर रात शुजालपुर से पकड़ा गया है. युवक से सघन पूछताछ की जा रही है.” उन्होंने बताया कि जांच में मिले तथ्यों के बाद युवक की गिरफ्तारी की जा सकती है. उन्होंने बताया कि भोपाल के राजा भोज विमानतल पर मंगलवार को लगभग 5:00 बजे फोन कर भोपाल और इंदौर के एयरपोर्ट से विमान को अगवा कर पाकिस्तान ले जाने की धमकी दी गई थी. इसके बाद हवाई अड्डा प्रबंधन द्वारा मामले की शिकायत गांधी नगर पुलिस थाने में की गई.

भोपाल एयरपोर्ट की सुरक्षा से जुड़े एक अधिकारी ने बताया कि विमान अपहरण की धमकी का फोन आने के बाद हवाई अड्डे की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है.वहीं हवाई अड्डा प्रबंधन के एक अधिकारी ने बताया कि कल देर शाम को भोपाल से मुंबई जाने वाली उड़ान को सख्त जांच के बाद यहां से रवाना किया गया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *