बरेली में मास्क नही लगाने पर बैंक ऑफ बड़ौदा के गार्ड ने ग्राहक को मारी गोली, पुलिस ने लिया हिरासत में

बरेली में बैंक ऑफ बड़ौदा के रीजनल कार्यालय में शुक्रवार को एक दिलदहला देने वाली वारदात हुई। बगैर मास्क के बैंक में आए एक युवक को गार्ड ने गोली मार दी। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर है। बताया जा रहा है बिना मास्क पहने आने के बाद गार्ड और ग्राहक में के बीच कहासुनी हुई थी, इसके बाद गुस्साएं गार्ड ने दुनाली बंदूक से गोली मार दी। ग्राहक की पत्नी का कहना है कि गार्ड ने उनके पति से कहा कि वह उन्हें सीने पर गोली मारना चाहता था, गनीमत है कि सिर्फ जांघ में मारी.

बैंक ऑफ बड़ौदा के ग्राहक राजेश राठौर गोली खा कर फर्श पर गिर पड़े. खबर सुन कर मौके पर पहुंची उनकी पत्नी गार्ड से उलझती रहीं. उन्हें एक ऑटो से अस्पताल ले जाया गया.ग्राहक की पत्नी प्रियंका राठौर ने कहा, ‘गार्ड ने जबरदस्ती धक्का दे कर गोली मार दी. बोल रहा था कि सीने में गोली मारने को था मैं, लेकिन मैंने पैर में ही मारी. बाद में फोन भी उनका खराब कर दिया. जब हमारी लड़की ने फोन किया तो कॉल लग नहीं रही थी. फिर जब रिसीव हो रही थी तो हमने इनसे बात की तो बताया कि गार्ड ने हमें गोली मार दी.’

मौके पर पहुंची उनकी बेटी और मां रो रोकर बेहाल होती रहीं. जल्दी ही बड़ी तादाद में पुलिस बैंक पहुंच गई जिसने वहां मौजूद स्टाफ और चश्मदीदों से पूछताछ शुरू कर दी. फॉरेंसिक टीम ने फर्श पर बिखरे खून के नमूने फर्श तोड़ कर इकट्ठा किए. पुलिस गार्ड को गिरफ्तार कर ले गई. पुलिस से उसने कहा कि गोली गलती से चल गई.

आरोपी गार्ड केशव कुमार ने कहा, ‘ कस्टमर आए थे. पहले मास्क नहीं था. कहा था मास्क लेकर आ गए. गाली बकने लगे कि तुम बाहर निकलना. मुझसे गलती से धक्का मुक्की हुई और गोली चल गई.’पुलिस का कहना है कि गार्ड की गोली से जख्मी राजेश राठौर बेहोश हैं. होश आने पर उनके बयान के मुताबिक मुकदमा लिखा जाएगा.

बरेली के एसएसपी रोहित सिंह सजवान ने कहा, ‘जो प्राइवेट सिक्योरिटी गार्ड है उसे हिरासत में ले लिया गया है. सभी तथ्यों की जांच की जा रही है कि किन परिस्थ‍ितियों में उसके द्वारा गोली चलाई गई है. और इसमें विध‍िक कार्रवाई भी की जा रही है.’

मास्क न लगाने पर इसके पहले भी बड़े बड़े कांड हो चुके हैं. अगस्त में बलिया के एक एसडीएम ने तो तहसील परिसर में लोगों को दौड़ा दौड़ा कर डंडे बरसाए थे. इसी तरह आजमगढ़ में भी पुलिस मास्क न लगाने पर एक सर्राफा व्यापारी को दुकान से खींच कर मारते हुए कोतवाली ले गई थी, जिससे नाराज व्यापारियों ने प्रदर्शन किया था.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *