
बॉलीवुड एक्टर आमिर खान और सलमान खान फिल्म ‘अंदाज अपना-अपना’ में पहली बार एक साथ दिखाई दिए थे. 1994 में आई इस फिल्म में आमिर को सलमान बिल्कुल पसंद नहीं थे. लेकिन क्या आपको पता है कि जब आमिर अपनी जिन्दगी के सबसे बुरे वक्त से गुजर रहे थे तो सलमान खान ने ही उनकी मदद की. इसका खुलासा खुद आमिर ने किया है.अभिनेता आमिर खान अपने तलाक को लेकर चर्चा में हैं. 3 जुलाई को उन्होंने अपनी पत्नी किरण राव के साथ एक ज्वाइंट स्टेटमेंट जारी कर तलाक के बारे में जानकारी दी. दोनों का नौ साल बेटा आजाद है. किरण उनकी दूसरी पत्नी थी. आमिर 2002 में भी तलाक की तकलीफ झेल चुके हैं. उन्होंने पहली पत्नी रीना दत्ता से 16 साल रिश्ता निभाने के बाद तलाक ले लिया था. लेकिन उस वक्त सलमान ने उनकी बहुत मदद की.
आमिर खान ने करण जौहर के टॉक शो कॉफी विद करण में भी इस पर बात की थी. आमिर खान ने कहा कि उनकी और सलमान खान के बीच दोस्ती तब हुई जब 2002 में रीना दत्ता से तलाक के बाद वह मुश्किल दौर से गुजर रहे थे. इस दौरान सलमान खान ने उनकी तरफ मदद का हाथ बढ़ाया और एक सच्चे दोस्त बनकर सामने आए. इसके बाद ही दोनों की दोस्ती की भी शुरुआत हुई.
आमिर खान ने होस्ट करण जौहर से इस बारे में बात करते हुए कहा, ‘अंदाज अपना-अपना में सलमान खान के साथ काम करने का मेरा अनुभव बहुत खराब रहा. उस दौरान मैं उसे जरा भी पसंद नहीं करता था. मैं उसे असभ्य और लापरवाह समझता था. उनके साथ काम करने के अपने अनुभव के बाद मैं बस सलमान से दूर रहना चाहता था.’
‘सलमान ने मेरी जिंदगी में तब एंट्री ली, जब मैं सबसे मुश्किल दौर से गुजर रहा था. मैं मेरी पत्नी रीना से तलाक के दर्द से जूझ रहा था. लेकिन बाद में हम एक-दूसरे से टकरा गए और उन्होंने मुझसे मिलने की इच्छा जताई. हम मिले और साथ में ड्रिंक की. इसके बाद हमारी असल दोस्ती की शुरुआत हुई और समय के साथ बस ये और मजबूत होती चली गई.’
आमिर और सलमान ने राजकुमार संतोषी द्वारा निर्देशित 1994 की कॉमेडी फिल्म ‘अंदाज अपना-अपना’ में साथ काम किया है. अंदाज़ अपना अपना में सलमान-आमिर के साथ ही करिश्मा कपूर, रवीना टंडन और परेश रावल ने भी मुख्य भूमिकाएं निभाईं है.