
देश के सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने रविवार को नागपुर में पहले कमर्शियल Liquified Natural Gas फिलिंग स्टेशन का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि LNG, CNG और इथेनॉल जैसे वैकल्पिक ईंधन के अधिक उपयोग से पेट्रोल की कीमतों में बढ़ोतरी से राहत मिलेगी, जिसकी वजह से अब लोग परेशान हैं। बता दें कि देशभर में इन दिनों पेट्रोल की कीमत प्रति लीटर सौ रुपये को पार कर गई है. कांग्रेस सहित कई विपक्षी पार्टियों ने इसके खिलाफ प्रदर्शन भी किया है, लेकिन इसके बावजूद सरकार ने कीमतें कम करने के कोई संकेत नहीं दिए हैं.
नितिन गडकरी ने रविवार को नागपुर में एक LNG फिलिंग स्टेशन का उद्घाटन करते हुए कहा, ‘LNG, CNG और इथेनॉल जैसे वैकल्पिक ईंधन के ज्यादा इस्तेमाल से पेट्रोल की कीमतों में बढ़ोतरी से राहत मिलेगी, जिसको लेकर अब लोगों में गुस्सा भी बढ़ रहा है. इथेनॉल का इस्तेमाल करने से पेट्रोल के मुकाबले कम से कम 20 रुपये प्रति लीटर बचाया जा सकता है.’
LNG के इस्तेमाल पर ज़ोर
गडकरी ने ये भी कहा कि उन्होंने सरकार से पेट्रोलियम और नैचुरल गैस सेक्टर में निजीकरण की मांग की है. उन्होंने आगे कहा, ‘हमने सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों के अलावा प्राइवेट कंपनियों को भी बातचीत के लिए बुलाया है. हम लोग LNG का आयात भी कर सकते हैं. देश में स्वच्छ ईंधन की काफी ज्यादा मांग है. पूरी दुनिया में इन दिनों LNG की मांग बढ़ रही है.’
इकोनॉमी पर बढ़ रहा है बोझ
नितिन गडकरी ने ये भी कहा कि हमारे देश पर विदेश से पेट्रोल और डीज़ल खरीदने से बोझ खासा बढ़ रहा है. उन्होंने कहा, ‘हम लोग 8 लाख करोड़ रुपये का पेट्रोल और डीज़ल बाहर से खरीद रहे हैं. इससे हमारी इकोनॉमी पर काफी ज्यादा बोझ बढ़ रहा है. एक राष्ट्रवादी होने के नाते मैं चाहता हूं कि हमारा आयात कम हो और निर्यात बढ़े.’