उत्तराखंड के मंत्री की फोटो वायरल, पैर के अंगूठे में लटकाया अपना मास्क

एक ओर जहां उत्तराखंड सरकार कोरोना संक्रमण के खिलाफ जागरुकता पर फोकस करने के साथ ही मेडिकल सुविधाओं को सुदृढ़ करने में जुटी हुई है, तो दूसरी ओर सरकार के कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद का एक फोटो सोशल मीडिया में खूब वायरल हो रहा है। कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए पहनने वाले मास्क को मंत्री मुंह की जगह पैर पर लटाक हुए हैं, जिसका फोटो खूब वायरल हो रहा है और मंत्री की जमकर आलोचना की जा रही है.

वायरल हो रही तस्वीर में स्वामी यतीश्वरानंद ही नहीं बल्कि चार अन्य लोग भी नजर आ रहे हैं, जिनमें से दो धामी सरकार में मंत्री हैं. मंत्री बिशन सिंह चुफाल और सुबोध उनियाल ने भी मास्क नहीं पहना हुआ है.

कांग्रेस प्रवक्ता गरिमा दसौनी ने ट्वीट किया, ‘सत्ताधारी दल के मंत्रियों की यह गंभीरता है और फिर ये लोग गरीब लोगों को मास्क नहीं पहनने के लिए दंडित करते हैं.’ उन्होंने सवाल किया कि कोरोना की दूसरी लहर के दौरान अप्रैल-मई में लाखों लोग कोविड की चपेट में आए, हजारों ने अपनी जान गंवाई, ऐसे में ये लोग जनता को क्या मैसेज दे रहे हैं.

कांग्रेस नेता पंकज पूनिया ने मंत्री स्वामी यतीश्वारनंद पर तंज कसते हुए कहा कि यही मास्क पहनने का सही तरीका है. आम आदमी पार्टी के नेता दीप प्रकाश पंत ने कहा कि उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री से सीखिए कि मास्क पहनने की सही जगह क्या है. AAP के प्रवक्ता अमरजीत सिंह रावत ने कहा कि मंत्री को माफी मांगनी चाहिए.

बताते चलें कि इस साल कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच कुंभ के आयोजन को लेकर उत्तराखंड सरकार की काफी निंदा की गई थी. राज्य सरकार पर कोविड से नरमी से निपटने का आरोप लगा. इस हफ्ते महामारी को देखते हुए कांवड़ यात्रा रद्द कर दी गई. कोरोना के चलते पिछले साल भी यह यात्रा रद्द कर दी गई थी.

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *