
मुंबई पुलिस ने सोमवार देर रात एक बड़ा खुलासा करते हुए बिजनेसमैन और बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी के पति राज कुंद्रा को गिरफ्तार कर लिया। कुंद्रा को कथित तौर पर पोर्न (अश्लील) फिल्मों का निर्माण करने और उन्हें कुछ ऐप के माध्यम से प्रसारित करने के मामले में मुंबई पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इस बात की जानकारी मुंबई पुलिस के आधाधिकारी ने दी. कुंद्रा की गिरफ्तारी के बाद से उनका एक पुराना ट्वीट तेजी से वायरल हो रहा है. इस ट्वीट में उन्होंने वैश्यावृत्ति और पोर्नोग्राफी को लेकर बात कही है. इस बीच राज का एक पुराना ट्वीट तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
राज कुंद्रा के दो ट्वीट इस समय तेजी से सोशल मीडिया में वायरल हो रहे हैं. पहले ट्वीट में उन्होंने लिखा कि यहां तो अब पोर्न बनाम वेश्यावृत्ति है. कैमरे पर किसी को सेक्स के लिए भुगतान करना कानूनी क्यों है. यह एक दूसरे से कैसे अलग हो सकता है. कुंद्रा ने यह ट्वीट 29 मार्च 2012 को किया था. इस संबंध में कुंद्रा ने एक और ट्वीट भी किया था.
दूसरा ट्वीट उन्होंने 3 मई 2012 किया था. इसमें उन्होंने लिखा कि अब अभिनेता क्रिकेट खेल रहे हैं. क्रिकेटर्स राजनीति कर रहे हैं और राजनेता पोर्न देख रहे हैं और पोर्न स्टार अभिनेता बन रहे हैं. कुंद्रा की गिरफ्तारी के बाद से लगभग नौ साल पुराने ये दोनों ही ट्वीट सुर्खियों में बने हुए हैं. अब पुलिस इन ट्वीट के बारे में भी राज कुंद्रा से पूछताछ में लगी हुई है.
वहीं अब इस पूरे मामले में मुंबई पुलिस के आयुक्त हेमंत नागराले ने जानकारी देते हुए कहा कि व्यवसायी कुंद्रा को कथित तौर पर अश्लील फिल्में और इन्हें कुछ ऐप्स के माध्यम से सोशल मीडिया में प्रकाशित करने के आरोप में सोमवार को गिरफ्तार किया गया. नागराले ने कहा कि इस पूरे प्रकरण में राज कुंद्रा ही प्रमुख साज़िशकर्ता दिखाई दे रहे हैं और पुलिस के पास इस संबंध में पर्याप्त सबूत भी हैं.
बता दें कि 4 फरवरी को राज कुंद्रा के खिलाफ मालवानी पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया था. तब एक महिला ने पुलिस के पास पहुंच कर कुंद्रा के खिलाफ शिकायत की थी और गंभीर आरोप लगाए थे. एक पुलिस अधिकारी के मुताबिक पुलिस ने शिकायत के आधार पर व्यवसायी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी और इस पूरे मामले को मुंबई क्राइम ब्रांच को ट्रांसफर कर दिया गया था.