Coronavirus: देश में पहली बार! कोविड के दो वैरिएंट्स से संक्रमित हुई महिला डॉक्टर, नहीं जाना पड़ा अस्पताल

असम की एक महिला डॉक्टर को एक ही समय पर कोरोना वायरस के दो अलग-अलग वेरिएंट से संक्रमित पाया गया है, जो कि देश में इस तरह का पहला मामला हो सकता है. इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च  के क्षेत्रीय चिकित्सा अनुसंधान केंद्र  के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ बी बोरकाकोटी ने यह जानकारी दी. कोविड-रोधी टीके की दोनों खुराक लेने के बावजूद डॉक्टर वायरस के अल्फा और डेल्टा दोनों स्वरूपों से संक्रमित पायी गईं. आरएमआरसी की प्रयोगशाला में मई में मरीज में दोहरे संक्रमण का पता चला था.

डॉ बोरकाकोटी ने कहा कि दोहरे संक्रमण के कुछ मामले ब्रिटेन, ब्राजील और पुर्तगाल में सामने आए थे, लेकिन इस तरह का मामला भारत में पहले सामने नहीं आया है. टीके की दोनों खुराक लेने के करीब एक महीने बाद महिला और उनके पति कोरोना वायरस के अल्फा स्वरूप से संक्रमित पाए गए थे. दंपति डॉक्टर हैं और कोविड देखभाल केंद्र में तैनात थे.

अस्पताल में भर्ती कराने की जरूरत नहीं पड़ीः वरिष्ठ वैज्ञानिक
वरिष्ठ वैज्ञानिक ने कहा, ‘हमने दोबारा दंपति के नमूने एकत्र किए और परीक्षण के दूसरे चरण में महिला डॉक्टर में दोहरे संक्रमण की पुन: पुष्टि हुई.’ उन्होंने बताया कि महिला डॉक्टर में हल्की गले की खराश, बदन दर्द और अनिद्रा के हल्के लक्षण थे और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराने की जरूरत नहीं पड़ी.

डॉ. बोरकाकोटी ने कहा कि यह वायरस के किसी भी अन्य मोनो-संक्रमण की तरह ही होगा, चिंता की कोई बात नहीं है कि दोहरे संक्रमण से गंभीर बीमारी हो जाएगी, ऐसा नहीं है. हमने एक महीने तक मामले को फॉलो अप लिया और वह बिल्कुल ठीक हैं. संक्रमित महिला का पूरा टीकाकरण हुआ था.”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *