फेसबुक के कर्मचारी जुलाई 2021 तक कर सकेंगे वर्क फ्रॉम होम


कोरोना संकट अभी थमने का नाम नहीं ले रहा है. अभी भी रोज आ रहे आंकड़े लोगों को डरा रहे हैं. इस संकट की वजह से लगभग सभी कंपनियों ने अपने कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम दिया हुआ है. इसी बीच फेसबुक ने अपने कर्मचारियों को जुलाई 2021 तक वर्क फ्रॉम होम की छूट दे दी है. बता दें कि इससे पहले कंपनी ने अपने स्टाफ को साल 2020 के अंत तक घर पर रहकर काम करने के लिए कहा था. फेसबुक के एक प्रवक्ता के हवाले से गुरुवार को द वर्ज ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि स्वास्थ्य और सरकारी विशेषज्ञों के मार्गदर्शन के साथ-साथ इन मामलों में हमारी आंतरिक चर्चा से लिए गए निर्णय के आधार पर हम कर्मचारियों को जुलाई, 2021 तक स्वेच्छा से घर से काम करना जारी रखने की अनुमति दे रहे हैं.
कंपनी की प्रवक्ता ननेका नॉर्विल ने एक बयान जारी कर कहा, ‘हेल्थ एक्सपर्ट्स और सरकार विशेषज्ञों की सलाह और कंपनी के अंदर भी हुई चर्चा के बाद हमने फैसला किया है कि कर्मचारी जुलाई, 2021 तक अपनी मर्जी से घर से काम कर सकेंगे. इसके अलावा हम उनकी होम ऑफिस की जरूरतों के लिए 1,000 डॉलर की राशि भी दे रहे हैं.’
पहले गूगल ने लिया था फैसला
जुलाई अंत में गूगल ने भारत सहित दुनियाभर में अपने कर्मचारियों को घर से काम करने की व्यवस्था को अगले जून 2021 तक जारी रखने का फैसला किया था। गूगल और उसकी मातृ कंपनी अल्फाबेट इंक के दुनियाभर में नियमित और संविदा के दो लाख से ज्यादा कर्मचारी हैं। इसमें भारत के करीब 5,000 कर्मचारी भी शामिल हैं।

गूगल के प्रमुख सुंदर पिचाई ने सभी कर्मचारियों को जारी ईमेल में कहा था कि, कर्मचारियों को आगे की योजना तैयार करने का मौका देते हुए हम पूरी दुनिया में अपने कर्मचारियों को घर से काम करने का विकल्प 30 जून, 2021 तक बढ़ा रहे हैं। तब तक उन्हें कार्यालय आने की जरूरत नहीं है। 

गौरतलब है कि भारत गूगल का प्रमुख बाजार है और उसकी अधिकांश मौजूदगी हैदराबाद और बंगलूरू में है। पिचाई ने हाल ही में भारत में 75,000 करोड़ रुपये निवेश की योजना लॉन्च की थी, जिसके तहत अगले सात सालों में भरतीय अर्थव्यवस्था को डिजिटल बनाने की योजना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *