शख्स ने की स्वर्ण पदक विजेता नीरज चोपड़ा को XUV700 गिफ्ट देने की डिमांड, आनंद महिंद्रा ने दिया यह जवाब

नीरज चोपड़ा  ने टोक्यो ओलंपिक खेलों  में जेवेलिन थ्रो यानी भाला फेंक प्रतियोगिता के फाइनल में अपने दूसरे प्रयास में 87.58 मीटर भाला फेंककर दुनिया को स्तब्ध करते हुए स्‍वर्ण पदक भारत के नाम किया है. इसे लेकर पूरे भारत में जश्‍न का माहौल है. अब महिंद्रा समूह के चेयरमैन आनंद महिंद्रा  ने नीरज चोपड़ा को कंपनी की आने वाली नई कार XUV700 गिफ्ट करने का वादा किया है.बता दें कि चोपड़ा के पदक जीतने के कुछ देर बाद ही महिंद्रा ने यह घोषणा की. दरअसल, ट्विटर पर एक फॉलोअर ने महिंद्रा से चोपड़ा को एक्सयूवी700 उपहार में देने के लिए कहा, जिसके बाद महिंद्रा ने लिखा, “हां बिल्कुल. हमारे गोल्डन एथलीट को एक्सयूवी 700 उपहार में देना मेरा सौभाग्य और सम्मान होगा.” उन्होंने महिंद्रा एंड महिंद्रा लिमिटेड के कार्यकारी निदेशक राजेश जेजुरिकर और सीईओ (ऑटोमोटिव डिविजन) विजय नाकरा को टैग करते हुए उनसे “नीरज के लिए एक एसयूवी तैयार रखने” को कहा.

एक अन्य ट्वीट में महिंद्रा ने ओलंपियन और काल्पनिक एक्शन फिल्म बाहुबली के हीरो की अलग-अलग तस्वीर पोस्ट करते हुए लिखा, “हम सब आपकी सेना में हैं, बाहुबली.” बता दें कि नीरज चोपड़ा भारतीय सेना में सूबेदार भी हैं.

गौरतलब है कि जापान में जारी ओलिंपिक महाकुंभ में शनिवार को भारतीय एथलीट नीरज चोपड़ा  ने जेवलिन थ्रो  में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया है. इस कारनामे के साथ ही नीरज चोपड़ा ओलिंपिक की व्यक्तगित प्रतिस्पर्धा में सोना जीतने वाले इतिहास के सिर्फ दूसरे और एथलेटिक्स में यह कारनामा करने वाले पहले भारतीय एलीट बन गए गए हैं. नीज चोपड़ा से पहले सिर्फ शूटिंग में अभिनव बिंद्रा ने साल 2008 में भारत के लिए स्वर्ण पदक जीता था.

बता दें कि नीरज ने अपने पहले थ्रो में 87.03 मीटर दूर भाला फेंका, जबकि पहले राउंड की दूसरी कोशिश में नीरज के भाले ने 87.58 मी. की दूरी मापी. तीसरे प्रयास में नीरज ने 76.79 मी. दूर भाला फेंका. पहले राउंड में 12 खिलाड़ियों से 8 ने अगले दूसरे और फाइनल राउंड में जगह बनायी थी. यहां नीरज से कुछ फाउल जरूर हुए, लेकिन अच्छी बात यह रही कि नीरज शुरुआत से लेकर खत्म होने तक एक बार भी नंबर-1 पायदान से नीचे नहीं फिसले और इसी के साथ उन्होंने समापन किया. इस प्रतिस्पर्धा का रजत पदक चेक गणराज्य के जैकब वैदलेक (86.67) और कांस्य पदक भी चेकगणराज्य के ही लंदन ओलिंपिक में कांस्य पदक जीतने वाले और 38 साल के वितेजस्लेव वेसली (85.44 मी.) के खाते में गया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *