
कंचना-3 की अभिनेत्री और रशियन मॉडल एलेक्जेंड्रा जावी शुक्रवार को उत्तरी गोवा के सियोलिम गांव में अपने किराए के फ्लैट में मृत पाई गई थीं. गोवा पुलिस पिछले सप्ताह उत्तरी गोवा जिले में अपने अपार्टमेंट में मृत पाई गई 24 वर्षीय रूसी एक्ट्रेस के शव के पोस्टमार्टम के लिए रूसी वाणिज्य दूतावास की मंजूरी का इंतजार कर रही है. एक पुलिस अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी.
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि एक्ट्रेस के शव को मुर्दाघर में रखा गया है और शव परीक्षण के लिए वे रूसी वाणिज्य दूतावास से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) की प्रतीक्षा कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि पुलिस ने पहले ही इस मामले की जांच शुरू कर दी है और रूसी एक्ट्रेस के प्रेमी का बयान दर्ज कर लिया गया है. वह एक्ट्रेस के साथ उसी अपार्टमेंट में रहता था. जिस समय एक्ट्रेस की मौत हुई, वह बाहर गया हुआ था.
इस बीच, मुंबई में रूसी वाणिज्य दूतावास में गोवा के प्रतिनिधि अधिवक्ता विक्रम वर्मा ने पुलिस से महिला की मौत में चेन्नई के एक फोटोग्राफर की ‘संभावित भूमिका’ की जांच करने का आग्रह किया है. रूसी महिला ने चेन्नई के उस फोटोग्राफर के खिलाफ 2019 में यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था.