न्यूयॉर्क टाइम्स ने पहले पन्ने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को नहीं छापा, न ही उन्हें ‘आखिरी उम्मीद’ बताया, वायरल फोटो फर्जी है

अमेरिकी दैनिक द न्यूयॉर्क टाइम्स के पहले पन्ने जैसा दिखने वाला एक स्क्रीनशॉट, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नजर आ रहे हैं, इस समय सोशल मीडिया और व्हाट्सएप ग्रुप पर वायरल हो रहा है.

इस स्क्रीनशॉट में 24-25 सितंबर की मोदी की अमेरिका यात्रा का जिक्र करते हुए उनकी एक बड़ी फोटो के साथ शीर्षक लगाया गया है ‘दुनिया की आखिरी और सर्वश्रेष्ठ उम्मीद’, और उसके बाद मोटे अक्षरों में लिखा है, ‘दुनिया के सबसे प्रिय और सबसे शक्तिशाली नेता हमें अनुग्रहीत करने के लिए यहां पधारे हैं.’ अखबार का संस्करण 26 सितंबर 2021 का दर्शाया गया है.

न्यूयॉर्क टाइम्स के कथित फ्रंट पेज की यह फोटो ट्विटर, फेसबुक और व्हाट्सएप ग्रुप चैट पर काफी तेजी से सर्कुलेट की गई और इसके साथ ‘हमें अपने प्रधानमंत्री पर गर्व है’ जैसे संदेश भी लिखे जा रहे हैं.

भाजपा यूथ विंग के राष्ट्रीय महासचिव रोहित चहल, जिनके 76,000 से अधिक फॉलोअर हैं, ने भी एक अन्य यूजर की तरफ से पोस्ट किए गए इस स्क्रीनशॉट को रीट्वीट किया.

एक वाट्सएप मैसेज में इस तस्वीर के साथ लिखा है, ‘मोदी जी अमेरिका के सबसे बड़े अखबार के पहले पन्ने पर. इससे ज्यादा गर्व की बात और क्या हो सकती है?’

फैक्ट चेक:-हालांकि, जो स्क्रीनशॉट सर्कुलेट किया जा रहा है वह दि न्यूयॉर्क टाइम्स के फ्रंट पेज का नहीं है. असल में तो अखबार के 26 सितंबर के पहले पन्ने में पीएम मोदी के बारे में कोई खबर छपी ही नहीं थी.

इसके अलावा, किसी भी सोशल मीडिया पोस्ट में ऐसा यूआरएल नहीं दिया गया जो अखबार के पेज से जुड़ा हो.

यही नही स्क्रीनशॉट पर ठीक से गौर करने और सोशल मीडिया पोस्ट के पैटर्न को बारीकी से देखने पर यह भी पता चलता है कि यह फोटोमॉर्फ करके बनाई गई है.

स्क्रीनशॉट के शीर्षक में इस्तेमाल फांट की स्टाइल न्यूयॉर्क टाइम्स की स्टाइलशीट से मेल नहीं खाती है, जो यह बताने के लिए काफी है कि इसे फर्जी तरीके से तैयार किया गया है. स्टोरी में लिखी तिथि में भी टाइपो एरर है, इसमें 26 सितंबर की जगह सेटपेम्बर लिखा है.

 

इस खबर को 26 सितंबर को न्यूयॉर्क टाइम्स के पहले पन्ने पर छपी होना बताया गया था। हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संयुक्त राष्ट्र महासभा की बैठक में हिस्सा लेने न्यूयॉर्क गए थे और उसी दौरान यह तस्वीर वायरल की गई थी। आधिकारिक तौर पर न्यूयॉर्क टाइम्स ने इस क्लिपिंग को फर्जी बता दिया है। न्यूयॉर्क टाइम्स कम्युनिकेशन्स के ट्विटर हैंडल ने ट्वीट किया, ‘ये पूरी तरह से गलत तस्वीर है।’ असलियत में 26 सितंबर को न्यूयॉर्क टाइम्स के पहले पन्ने पर पीएम मोदी से जुड़ी कोई खबर छपी ही नहीं थी। ट्वीट में उन खबरों और रिपोर्ट्स का लिंक भी दिया गया है जिसमें न्यूयॉर्क टाइम्स ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बारे में वाकई लिखा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *