अमेरिका में कोविड से मौत का आंकड़ा 7 लाख पार, जनवरी तक जा सकती हैं 90 हजार और जिंदगियां

अमेरिका में कोरोना वायरस से जान गंवाने वाले लोगों की संख्या शुक्रवार को 7,00,000 के आंकड़े पर पहुंच गई। वहीं, अत्यधिक संक्रामक डेल्टा स्वरूप के मामलों में कमी आनी शुरू हो गई और अस्पतालों में मरीजों की भीड़ कुछ कम हुई है।डेल्टा स्वरूप का संक्रमण उन लोगों में ज्यादा फैला जिन्होंने कोविड-19 रोधी टीके की खुराक नहीं ले रखी थी। मृतकों की संख्या बोस्टन की आबादी से कहीं ज्यादा है। हाल ही में राष्ट्रपति जो बाइडन ने भी वैक्सीन लेने से इनकार कर रहे अमेरीकियों को फटकार लगाई थी.समाचार एजेंसी एपी के अनुसार, अमेरिका को 6 लाख से 7 लाख मौतों तक पहुंचने में साढ़े तीन महीनों का समय लगा. यूएफ हेल्थ जैक्सनविल में नर्स मैनेजर डेबी डेलापाज ने कहा, ‘आप कोविड से मरीजों को खो रहे हैं और ऐसा नहीं होना चाहिए.’ उन्होंने याद किया कि गर्मियों के दौरान जब मामले बढ़े थे, तब अस्पताल में हर रोज कोविड से 8 लोगों की मौत हो रही थी. उन्होंने कहा, ‘यह ऐसा कुछ है, जो नहीं होना चाहिए.’

इतनी बड़ी संख्या में मौतें होने से स्वास्थ्यकर्मी और चिकित्सक सबसे ज्यादा परेशान हैं. क्योंकि सभी पात्र अमेरिकी नागरिकों के लिए वैक्सीन 6 महीनों से उपलब्ध हैं और डोज अस्पताल में भर्ती होने और मौत से काफी सुरक्षा प्रदान कर रहे हैं. एपी के अनुसार, अनुमानित 7 करोड़ अमेरिकी नागरिकों को वैक्सीन नहीं लगी है, जिसके चलते वेरिएंट को बढ़ने का मौका मिल रहा है.

अच्छी खबर भी है
हालांकि, देश में रोज हो रही औसत मौतों की संख्या में भी कुछ कमी आई है. करीब सप्ताह भर पहले औसतन 2 हजार मौतें रोज हो रही थी. अब यह आंकड़ा घटकर 1900 पर आ गया है. राष्ट्रीय स्तर पर अस्पताल में भर्ती मरीजों की संख्या में कमी आई है. सितंबर की शुरुआत में यह आंकड़ा 93 हजार पर था, जो अब 75 हजार के आसपास आ गया है.

मामले कम होने का बड़ा कारण मास्क और ज्यादा से ज्यादा लोगों के टीकाकरण को माना जा रहा है. सरकार के शीर्ष संक्रामक रोग विशेषज्ञ डॉक्टर एंथॉनी फाउची ने कहा, ‘यह अच्छी खबर है कि हम मामलों का कम होना देख रहे हैं.’ उन्होंने कहा, ‘यह वैक्सीन लगवाने की जरूरत से दूर जाने का बहाना नहीं है.’

यूनिवर्सिटी ऑफ वॉशिंगटन के एक मॉडल ने अनुमान लगाया है कि नए मामले फिर बढ़ेंगे, लेकिन वैक्सीन की सुरक्षा और संक्रमण के बाद आई इम्युनिटी, वायरस के चलते पिछली सर्दियों की तरह ज्यादा मौतें नहीं होने देगी. हालांकि, इसके बाद भी मॉडल ने भविष्यवाणी की है कि 2022 जनवरी तक 90 हजार और अमेरिकी नागरिकों की मौत हो सकती है और उस तारीख तक मौत का कुल आंकड़ा 7 लाख 88 हजार तक जा सकता है. मॉडल ने गणना की है कि अगर सभी लोग सार्वजनिक जगहों पर मास्क पहनेंगे, तो इनमें से आधे से ज्यादा मौतें रोकी जा सकती हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *