यूपी पुलिस ने केंद्रीय मंत्री के बेटे और 14 अन्य के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया, हिंसा में 4 किसानों सहित 8 की हुई थी मौत

यूपी पुलिस  ने लखीमपुर हिंसा मामले  में केंद्रीय मंत्री अजय मिश्रा  के बेटे आशीष मिश्रा समेत 14 के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है. यूपी पुलिस ने धारा 302, 120बी और अन्य धाराओं में यह केस दर्ज किया है. बता दें कि रविवार को लखीमपुर खीरी में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य को एक कार्यक्रम में शामिल होना था, जिसके पहले बड़ा बवाल हो गया। घटना के फौरन बाद पूरे इलाके में इंटरनेट सर्विस बंद कर दी गई।

इस बीच समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव , बहुजन समाज पार्टी के महासचिव सतीश चंद्र मिश्र  समेत कई बड़े नेताओं को रविवार देर रात से नजरबंद  कर दिया गया है।

भारतीय किसान यूनियन  के नेता राकेश टिकैत  ने जिलाधिकारी और SP से मुलाकात कर चार बड़ी मांगें प्रशासन के सामने रखी हैं। किसानों ने मांग की है कि केंद्रीय मंत्री अजय मिश्रा टेनी को उनके पद से निलंबित किया जाए, उनके बेटे आशीष मिश्रा को तत्काल गिरफ्तार किया जाए, मारे गए लोगों के परिवारों को एक करोड़ की सहायता राशि  और मृतक के परिजनों को सरकारी नौकरी दी जाए।

लखीमपुर खीरी में हुई हिंसक घटना के बाद रविवार देर शाम लखीमपुर खीरी जा रही प्रियंका गांधी को पुलिस ने सीतापुर में रोक लिया। गांधी जब इटौंजा टोल पार कर रही थी, तभी DM विशाल भरद्वाज और SP आरपी सिंह भारी पुलिस और पीएसी बल के साथ खैराबाद टोल प्लाजा पहुंचे गए। प्रशासन ने टोल बैरियर पर सभी लाइनों पर ट्रक लगाकर सड़क को भी जाम कर दिया और गांधी को हरगांव से हिरासत में ले लिया।

प्रियंका गांधी की गिरफ्तारी को लेकर कांग्रेस के MLC दीपक सिंह ने PAC बटालियन के बाहर धरने पर बैठ गए। उधर गांधी के बारे में सूचना मिलते ही कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू भी सीतापुर पहुंच गए।

उधर छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल और पंजाब के डिप्टी सीएम सुखजिंदर एस.रंधावा ने लखीमपुर खीरी जाने की घोषणा की थी। जिसके बाद यूपी के अपर मुख्य सचिव अवनीश अवस्थी ने लखनऊ एयरपोर्ट से छत्तीसगढ़ CM भूपेश बघेल और पंजाब के डिप्टी सीएम सुखजिंदर एस.रंधावा को एयरपोर्ट पर उतरने की इजाजत नहीं देने को कहा।

बता दें कि लखीमपुर खीरी में हुई हिंसा में 8 लोगों की मौत हो गई है। जिसमें चार किसान भी शामिल है। किसानों का आरोप है कि विरोध प्रदर्शन के दौरान केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा टेनी के बेटे आशीष उर्फ मोनू और उसके समर्थकों ने किसानों पर गाड़ियां चढ़ा दीं, इसमें चार किसानों की मौत हो गई, जबकि कई घायल हैं। इससे गुस्साए किसानों ने मोनू और उनके समर्थकों की तीन गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया और बाकी वाहनों को पलटा दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *