
दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद सुकेश चंद्र शेखर द्वारा 200 करोड़ रुपये की ठगी मामले में अभिनेत्री नोरा फतेही को प्रवर्तन निदेशालय द्वारा समन भेजा गया है. हालांकि, ED के अधिकारियों के मुताबिक अभी ये तय नहीं हो सका है कि नोरा केंद्रीय एजेंसी की पूछताछ में शामिल होंगी या नहीं.बता दें कि तिहाड़ जेल के अंदर से 200 करोड़ रुपये की रंगदारी वसूलने के मामले में सुकेश चंद्रशेखर और उसकी कथित पत्नी एक्ट्रेस लीना पाल जेल में बन्द है. सुकेश ने नोरा फतेही को भी अपने जाल में फंसाने की साजिश रची थी.
नोरा फतेही एक कनेडियन मॉडल-अभिनेत्रीं हैं. नोरा ने बॉलीवुड में कई मशहूर आइटम सॉन्ग पर डांस किया है. वो कई रिऐलिटी शो में नज़र आ चुकी हैं. नोरा स्ट्रीट डांसर 3डी, बाटला हाउस जैसी फ़िल्मों में भी काम कर चुकी हैं.
फ़िल्म एक्ट्रेस जैकलीन फर्नांडिस को भी ED ने तीसरी बार समन भेजा है. उन्हें पूछताछ में शामिल होने के लिए कल MTNL स्थित ED दफ्तर बुलाया है. जैकलीन को भी सुकेश ने जेल के अंदर से साजिश रचकर अपने जाल में फंसाने की कोशिश की थी.
खबरों के मुताबिक, 200 करोड़ की रंगदारी वसूलने का मुख्य आरोपी सुकेश अभिनेत्री जैकलीन को तिहाड़ जेल के भीतर से ही फोन करता था. सूत्रों का कहना है कि सुकेश तिहाड़ जेल के अंदर से कॉल स्पूफिंग सिस्टम के जरिये एक्ट्रेस को फोन करता था. लेकिन उसने अपनी पहचान जाहिर नहीं की. एजेंसियों को सुकेश चंद्रशेखर की महत्वपूर्ण कॉल डिटेल हाथ लगी है. इसी के जरिये जैकलीन के साथ हुई धोखाधड़ी की जांच एजेंसियों को भी जानकारी मिली थी.