
आईपीएल के खत्म होने के बाद अब टीम इंडिया के सितारे टी20 वर्ल्ड कप की तैयारी में लग चुके हैं. बीसीसीआई (BCCI) यूएई और ओमान में इस टूर्नामेंट का आयोजन कर रही है. पिछले महीने बीसीसीआई ने टी20 वर्ल्ड कप के लिए टीम का ऐलान किया था. फैंस को इस टीम में दिग्गज स्पिनर आर अश्विन का नाम देखकर हैरानी हुई थी. आईपीएल के बाद अब विराट कोहली ने आर अश्विन के चयन पर अपना मत रखा.
विराट कोहली ने कहा, “अश्विन ने लिमिटेड ओवर्स क्रिकेट के लिए अपनी स्किल में शानदार इजाफा किया है. अब वो काफी साहस के साथ सफेद गेंद की क्रिकेट में गेंदबाजी करते हैं. हमने पिछले कुछ वर्षों में आईपीएल में देखा है कि अश्विन ने बिग हिटर्स के खिलाफ शानदार गेंदबाजी की है और सही एरिया में गेंद डाला है. स्पिनरों को ज्यादातर पावर-हिटर्स से डर लगता है लेकिन अश्विन को अपनी स्किल पर पूरा भरोसा होता है.”
अश्विन ने 46 टी20 मैचों में 52 विकेट चटकाए हैं और बड़ी बात ये है कि उनका इकॉनमी रेट 7 रन प्रति ओवर से भी कम है. विराट कोहली का मानना है कि आर अश्विन को आईपीएल में उनके शानदार खेल का इनाम दिया गया है. उन्होंने कहा, “हमने देखा कि अश्विन काफी वैरिएशन के साथ बॉलिंग कर रहे हैं. वह एक ऐसे खिलाड़ी हैं, जिन्होंने बहुत ही ज्यादा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेला है. उनके पास काफी आत्मविश्वास है. ऐसे खिलाड़ी अपने स्पेल के दम पर मैच का पासा पलट सकते हैं.”
इससे पहले चीफ सेलेक्टर चेतन शर्मा ने अश्विन को शामिल करने की वजह बताई थी. उन्होंने कहा था कि आईपीएल के पिछले कुछ सीजन में अश्विन का प्रदर्शन शानदार रहा है. यही बात उनके पक्ष में गई और उन्हें टीम में शामिल किया गया. शर्मा ने आगे कहा कि जब आप विश्व कप खेलने जाएंगे, तो एक ऑफ स्पिनर की जरूरत होगी. सबको यह पता है कि आईपीएल 2021 के सेकेंड फेज के बाद यूएई में टी20 विश्व कप खेला जाना है. ऐसे में टूर्नामेंट के दौरान पिच धीमी हो जाएगी और स्पिनर्स को इससे मदद मिलेगी.
शर्मा ने आगे कहा कि ऐसे में ऑफ स्पिनर टीम के काफी काम आ सकता है. वॉशिंगटन सुंदर चोटिल हैं, उनकी जगह टीम में शामिल हुए अश्विन टूर्नामेंट में टीम के लिए ट्रंप कार्ड साबित हो सकते हैं. उन्हें यूएई में खेलने का अनुभव है. इसी वजह से काफी सोचने विचारने के बाद उन्हें शामिल किया गया.