
महामारी की शुरुआत के बाद पहली बार ऐसा हुआ है जब मुंबई में कोविड से किसी की भी जान नहीं गई। यह जानकारी मीडिया रिपोर्ट्स के हवाले से सामने आई है। रविवार को यहां कुल मिलाकर 367 केस सामने आए, लेकिन पिछले साल महामारी की शुरुआत के बाद से पहली बार ऐसा हुआ जब किसी संक्रमित की जान नहीं गई।
अधिकारियों ने बताया कि शहर में पिछले 24 घंटों में 28,600 से अधिक टेस्ट किए गए हैं. हालांकि, शहर में अभी कोई भी एक्टिव कॉन्टेनमेंट जोन नहीं है. वहीं, 50 इमारतें सील रहेंगी. महामारी की दूसरी लहर के चरम के दौरान मुंबई शहर में काफी संख्या में रोजाना मामले दर्ज किए जा रहे थे.
पूरे देश की बात करें तो कोविड-19 के एक दिन में 14,146 नए मामले सामने आए जो 229 दिनों में संक्रमण के सबसे कम मामले हैं जबकि उपचाराधीन मरीजों की संख्या कम होकर 1,95,846 हो गयी जो 220 दिनों में सबसे कम है. 144 और मरीजों के जान गंवाने से मृतकों की संख्या बढ़कर 4,52,124 हो गयी है. देश में महामारी के कुल मामलों की संख्या 3,40,67,719 हो गयी है. एक दिन में उपचाराधीन मरीजों की संख्या में 5,786 की कमी दर्ज की गयी जो संक्रमण के कुल मामलों का 0.57 प्रतिशत है.
कोविड से ठीक होने की राष्ट्रीय दर 98.10 प्रतिशत है. शनिवार को कोविड-19 के लिए 11,00,123 नमूनों की जांच की गयी जिससे अब तक देश में इस महामारी का पता लगाने के लिए जांचे गए नमूनों की संख्या 59,09,35,381 हो गयी है. इस बीमारी से स्वस्थ होने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 3,34,19,749 हो गयी है, जबकि मृत्यु दर 1.33 प्रतिशत है.