
भारतीय कप्तान विराट कोहली ने गुरुवार को कहा कि उन्हें दक्षिण अफ्रीका के आगामी दौरे को लेकर अगले कुछ दिन में भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) की तरफ से तस्वीर साफ होने की उम्मीद है.कोरोना वायरस के नए वैरिएंट ओमीक्रोन के आने के बाद यह दौरा खटाई में पड़ता दिख रहा है.
न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे और आखिरी टेस्ट से एक दिन पहले मीडिया से बातचीत में कोहली ने कहा,‘‘हम बीसीसीआई से बात कर रहे हैं. हमें और स्पष्टता की जरूरत है और उम्मीद है कि अगले कुछ दिन में तस्वीर साफ हो जायेगी. राहुल भाई (द्रविड़) ने सभी सीनियर खिलाड़ियों से बात की है. यह जरूरी है कि हम किसी कन्फ्यूजन में नहीं रहें.”
उन्होंने कहा,‘‘हम सामान्य हालात में नहीं खेल रहे हैं. हमने टीम के सभी सदस्यों से बात की है.” भारतीय सीनियर टीम को 17 दिसंबर से अगले सात सप्ताह तक दक्षिण अफ्रीका में तीन टेस्ट, तीन वनडे और चार T20I मैच खेलने हैं.