ब्रिटेन की तरह बढ़ा कोरोना तो भारत में हर दिन आएंगे 14-15 लाख केस, नीति आयोग सदस्य वीके पॉल ने चेताया

ओमीक्रॉन  वेरिएंट से कोरोना संक्रमण अब तक 91 देशों को अपनी चपेट में ले चुका है. भारत में भी 11 राज्यों में अब तक ओमीक्रॉन संक्रमितों की संख्या 113 पहुंच चुकी है. इसके साथ ही यूरोप में इसके तेजी से फैलने से भारत  की चिंताएं भी बढ़ रही हैं. नीति आयोग के सदस्य वीके. पॉल ने कहा कि जिस तेजी से यह यूरोप में डेल्टा वेरिएंट पर हावी हो रहा है, वह चिताजनक है। यह महामारी के एक नए चरण को दिखा रहा है। दरअसल, यूरोप के कई देशों ब्रिटेन, फ्रांस, जर्मनी आदि में डेल्टा का कहर पहले से चल रहा था। अब ओमिक्रॉन के भी बढ़ने से यह आशंका पैदा हो रही है कि यह पहले से हासिल इम्यूनिटी को बेअसर कर रहा है।

नीति आयोग के सदस्य ने स्वास्थ्य मंत्रालय की साप्ताहिक प्रेस कांफ्रेस में कहा कि ब्रिटेन में तेजी से मामले बढ़े हैं। वहां कुल 80-90 हजार मामले आ रहे हैं और यदि ब्रिटेन की आबादी को भारत की आबादी के नजरिये से देखें तो यह रोजाना 14-15 लाख नए संक्रमणों के बराबर जैसी स्थिति है। जबकि भारत में दूसरी लहर में रोजाना चार लाख मामले आ रहे थे। इसी प्रकार फ्रांस में 80 फीसदी लोगों को टीके लग चुके हैं, लेकिन वहां मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। भारतीय आबादी के अनुपात में वहां रोजाना 13 लाख के बराबर मामले आ रहे हैं।

इसी प्रकार नॉर्वे में तेजी से मामले बढ़े हैं तथा नए संक्रमण में 18 फीसदी संक्रमण ओमिक्रॉन के पाए गए हैं। पॉल ने कहा कि यूरोप में जिस प्रकार से संक्रमण बढ़ रहा है, वह महामारी के नए चरण की ओर संकेत कर रहा है, इसलिए हमें इसे भूलना नहीं चाहिए। उन्होंने कहा कि हालांकि अभी तक संक्रमण हल्के मिलने की सूचना है जिससे स्वास्थ्य तंत्र के समक्ष संकट पैदा नहीं हुआ है लेकिन फिर भी यह स्थिति चिंताजनक है।

बता दें कि ब्रिटेन में लगातार तीसरे दिन कोरोना ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। ब्रिटिश सरकार के मुताबिक, शुक्रवार को 93,045 नए मामले सामने आए हैं। वहीं, एक दिन में मरने वालों की संख्या 111 पहुंच गई। एक दिन पहले यूके में 88 हजार केस सामने आए थे। ताजा आंकड़ों के मुताबिक देश में अब तक कोरोना से संक्रमित हो चुके लोगों की कुल संख्या 1.1 करोड़ से ज्यादा हो चुकी है। वहीं अब तक 1,47000 लोगों ने महामारी से जान गंवाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *