Corona Cases in UK: ब्रिटेन में कोरोना का कहर जारी, 24 घंटे में संक्रमितों का आंकड़ा हुआ 1 लाख के पार

ब्रिटेन में बुधवार को बीते 24 घंटे में कोरोना वायरस  के 106,122 नए मामले दर्ज किए गए. न्‍यूज एजेंसी एएफपी के अनुसार ऐसा पहली बार हुआ है कि आंकड़ा 1 लाख से अधिक हो गया हो. यहां कोरोना वायरस  के नए वेरिएंट ओमिक्रॉन का संक्रमण  काफी तेजी से देखा जा रहा है. कोरोना महामारी शुरू होने के बाद से यहां 1,47,573 मौतें हो चुकी हैं जबकि 1 करोड़ से अधिक मामले पॉजिटिव मिल चुके हैं.

यूरोप में ब्रिटेन वायरस के कारण सर्वाधिक प्रभावितों में से एक है. यहां सरकार ने जनता से वैक्‍सीन का तीसरा डोज लेने की अपील जारी की है. यूके की स्वास्थ्य सुरक्षा एजेंसी ने शनिवार को 90,418 मामलों और शुक्रवार को 93,045 केस मिलने की पुष्टि की थी. ब्रिटेन के उप प्रधानमंत्री डॉमिनिक रॉब ने सोमवार को टाइम्स रेडियो से बात करते हुए बताया था कि अब तक 12 लोग इस नए वेरिएंट की वजह से मारे जा चुके हैं.

देश में ओमिक्रॉन वेरिएंट के एक दिन में 12,133 मामलों को देखते हुए ब्रिटिश कैबिनेट ने सोमवार को सख्त लॉकडाउन प्रतिबंधों के विकल्पों पर विचार किया. ब्रिटेन में ओमिक्रॉन के अब तक 37,101 मामलों की पुष्टि हो चुकी है. यूरोप  में विश्व स्वास्थ्य संगठन  के शीर्ष अधिकारी ने मंगलवार को सरकारों को ओमिक्रॉन वेरिएंट के चलते पूरे महाद्वीप में कोरोना वायरस के मामलों में ‘भारी उछाल’ के लिए तैयार रहने को कहा था.

इसके साथ ही WHO ने कोरोना के ओमिक्रॉन वेरिएंट से बचने के लिए वैक्‍सीन की बूस्टर डोज के व्यापक इंतजाम करने की भी सलाह दी है. कोरोना का ओमिक्रॉन वेरिएंट दुनियाभर के देशों में तेजी से लोगों को संक्रमित कर रहा है. भारत में ओमिक्रॉन के दो सौ से ज्‍यादा मामले सामने आ चुके हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *