
अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत को लेकर प्रवर्तन निदेशालय के हवाले से हर दिन नए खुलासे सामने आ रहे है। ताजा मामले में दावा किया जा रहा है कि सुशांत सिंह राजपूत अपनी पूर्व गर्लफ्रेंड अंकिता लोखंडे के एक फ्लैट की ईएमआई भर रहे थे। मुंबई के मलाड में स्थित इस फ्लैट की वर्तमान कीमत तकरीबन 4.5 करोड़ के आसपास है। अंकिता ने दावा किया है कि उन्होंने यह फ्लैट उन्होंने अपने पैसों से 1.35 करोड़ रुपए में खरीदा है।

मीडिया में आ रही इन खबरों का खुद अभिनेत्री अंकिता लोखंडे ने खंडन किया और अपने कुछ दस्तावेज ट्विटर पर शेयर किए हैं। सुशांत और अंकिता लगभग छह साल तक एक दूसरे के साथ थे। दोनों इसी घर में लिव इन रिलेशनशिप में भी रहते थे।
अंकिता ने शेयर की बैंक डिटेल्स
अंकिता ने घर के रजिस्ट्रेशन की कॉपी और अकाउंट्स डिटेल्स शेयर करते हुए लिखा- यहां मैं सभी अटकलों को समाप्त करती हूं. मैं जितना ट्रांसपेरेंट हो सकती हूं. ये है मेरे घर का रजिस्ट्रेशन और मेरे बैंक अकाउंट स्टेटमेंट (01/01/19 से 01/03/20 तक). जो ईएमआई चार्जेस मेरे अकाउंट से हर महीने कट रहे हैं मैंने उन्हें हाईलाइट भी किया है. इससे ज्यादा मेरे पास और कुछ कहने के लिए नहीं है. #justiceforssr

सूत्रों के मुताबिक रिया चक्रवर्ती ने भी पूछताछ के दौरान इस फ्लैट का जिक्र किया था. रिया ने बताया था कि सुशांत चाह कर भी अंकिता से ये फ्लैट खाली करने को नहीं कह पा रहे थे जबकि वो इसकी ईएमआई भर रहे थे. सुशांत के खाते से हर महीने इस फ्लैट की ईएमआई का पैसा कट रहा था.
मालूम हो कि 15 अगस्त को सुशांत के लिए ग्लोबल प्रेयर रखी गई है. सुशांत की बहन श्वेता ने लोगों से इससे जुड़ने की अपील की है. ये ग्लोबल प्रेयर 15 अगस्त को सुबह 10 बजे होगी. जहां सुशांत के लिए सभी मिलकर मौन रहेंगे और दुआ करेंगे.