
अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत पर संदेह जताते हुए उन्हें इंसाफ दिलाने की मांग जोर पकड़ती जा रही है। शनिवार को योग गुरु बाबा रामदेव ने भी अभिनेता के परिवार को इंसाफ दिलाने की मांग उठाई। योग गुरु ने हरिद्वार स्थित पतंजलि योग पीठ में सुशांत की आत्मा की शांति के लिए एक यज्ञ किया।
15 अगस्त पर बाबा रामदेव ने एक वीडियो ट्विटर पर पोस्ट किया। उन्होंने लिखा,”मैंने श्री सुशांत जी के परिजन से बात की। उनका दर्द सुना तो मेरी भी रूह कांप उठी, हम सब पतंजलि में उस दिवंगत आत्मा के लिये प्रार्थना कर रहे हैं, सुशांत राजपूत और उनके परिजन को न्याय मिले।”
अब भी बरकरार है सुशांत की मौत को लेकर रहस्य
गौरतलब है कि सुशांत ने 14 जून को बांद्रा के अपने फ्लैट में आत्महत्या की थी. मुंबई पुलिस ने सुशांत की मौत को सुसाइड बताकर मामले को खत्म करने की कोशिश की थी वही कंगना रनौत ने सुशांत की मौत का जिम्मेदार बॉलीवुड में फैले नेपोटिज्म और माफिया बॉलीवुड को बताया था. हालांकि सुशांत की मौत के 40 दिनों बाद उनके पिता के के सिंह ने रिया चक्रवर्ती के खिलाफ बिहार में एफआईआर दर्ज कराई थी और उन्हें इस मामले का मुख्य आरोपी बताया था.
इसके बाद से ही मुंबई पुलिस और बिहार पुलिस के बीच तनातनी देखने को मिली. इसके अलावा बीजेपी और शिवसेना के नेताओं के बीच भी आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है. वही सुशांत का परिवार और उनके फैंस लगातार सुशांत को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं.