
विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के महानिदेशक टेड्रोस अधनोम घेब्रेयसस ने मंगलवार को बताया कि कोविड-19 मामलों की ताजा लहरें दिखाती हैं कि महामारी “कहीं भी खत्म नहीं हुई है”. टेड्रोस एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, “वायरस की नई लहरें फिर से यह दिखाती हैं कि कोविड-19 अभी खत्म नहीं हुआ है और वह आसपास ही घूम रहा है.” इसके साथ ही उन्होंने कहा, “जैसे ही वायरस हम पर हमला करता है, वैसे ही हमें भी तेजी उसपर हमला करना चाहिए.”
डब्ल्यूएचओ प्रमुख ने सुझाव दिया कि सरकारों को वर्तमान महामारी विज्ञान और नए वेरिएंट के सामने आने की संभावनाओं के आधार पर अपनी कोविड-19 योजनाओं की ना सिर्फ नियमित रूप से समीक्षा करनी चाहिए, बल्कि उसे व्यवस्थित भी करना चाहिए. उन्होंने कहा, “सरकारों को निगरानी (सर्विलांस), परीक्षण (टेस्टिंग) और अनुक्रमण (सीक्वेंसिंग) में आई कमी में फिर से तेजी लाने के साथ ही एंटी-वायरल को प्रभावी ढंग से साझा करने के लिए भी काम करना चाहिए.”
वैक्सीन के वायरस से लड़ने के महत्व की ओर इशारा करते हुए डब्ल्यूएचओ प्रमुख ने कहा, “टीकों ने लाखों लोगों की जान बचाई है और सरकारों के लिए यह बेहद अहम है कि वे सबसे अधिक जोखिम वाले समुदायों को बढ़ावा दें और जिनका वैक्सीनेशन नहीं हुआ है उनपर ध्यान केंद्रित करें, ताकि 70% टीकाकरण का लक्ष्य हासिल करने की दिशा में वायरस के खिलाफ प्रतिरोधक क्षमता की दीवार खड़ी की जा सके.”