
इंदौर से लखनऊ जा रहे एक परिवार को एयरपोर्ट पर स्टाफ के साथ मजाक करना महंगा पड़ गया। न सिर्फ उससे माफीनामा लिखवाया गया, बल्कि हवाई जहाज में सवार भी नहीं होने दिया गया। इंडिगो की फ्लाइट से लखनऊ जाने के लिए गौरव मनवानी, पत्नी और दो बच्चों के साथ बुधवार को एयरपोर्ट पहुंचे।
जब एयरलाइंस कंपनी बैगेज स्कैन कर रही थी तभी मनवानी ने मजाक में कह दिया कि मेरी पत्नी का बैग अच्छी तरह से स्कैन करना, इसमें बम रखा है। गौरव के इतना कहने के बाद इंडिगो का स्टाफ हरकत में आ गया। उनकी पत्नी के बैग की बारीकी से जांच करने के दौरान ही एयरपोर्ट प्रबंधन को भी सूचना दे दी गई। आधे घंटे तक पूछताछ हुई।
शादी में शामिल होने आए थे इंदौर
जांच स्थल पर सेंट्रल इंडस्ट्रियल सिक्योरिटी फोर्स (सीआईएसएफ) व एयरपोर्ट प्रबंधन की टीम पहुंची। जब मामला सीरियस होने लगा तो मनवानी को कहना पड़ा कि वे तो मजाक कर रहे थे, कोई बम नहीं है। इसके बाद भी सीआईएसएफ ने सुरक्षा के मद्देनजर उनके लगैज की ठीक तरह से जांच की। मनवानी ने बताया कि वे शादी में शामिल होने के लिए इंदौर आए थे, बुधवार को लखनऊ लौट रहे थे।
समझाया कि आगे से ऐसा मजाक न करें
मनवानी के सामान की ठीक तरह से जांच के बाद जब कुछ भी नहीं मिला तो एयरपोर्ट प्रबंधन ने उनसे मजाक के लिए माफीनामा लिखवाया। साथ ही समझाया कि ऐसा मजाक आगे से कभी न करें। गौरव ने एयरपोर्ट प्रबंधन से कहा कि उन्हें फ्लाइट में सवार होने दिया जाए, लेकिन उन्हें फ्लाइट से जाने की इजाजत नहीं दी गई। इस घटनाक्रम के दौरान एयरपोर्ट पर गहमागहमी की स्थिति बनी रही।