इंदौर। CM शिवराज सिंह चौहान ने बच्चों से पूछा- कौन-कौन मुख्यमंत्री बनना चाहता है?:मंच पर बैठे मंत्री परमार और सिलावट ने ऊंचे कर दिए हाथ

इंदौर के अहिल्याश्रम स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इंदौर के 5 सहित प्रदेश के 69 सीएम राइज स्कूलों के नए भवनों का वर्चुअल भूमि पूजन किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों से जमकर पढ़ाई करने और खूब खेलने की बात कही।

शिवराज ने बच्चों से करियर ओरिएंटेड बनने को कहा, साथ ही अपने जुदा अंदाज में बच्चों से जाना कि वे क्या बनना चाहते हैं। उन्होंने बच्चों से यह भी पूछा कि कौन-कौन है जो मुख्यमंत्री बनना चाहता है। जवाब में बच्चों ने फटाफट हाथ ऊपर कर दिए।इस दौरान स्कूली शिक्षा मंत्री इंदरसिंह परमार ने भी अपने हाथ उठा दिए। इतना ही नहीं, एक अन्य मंत्री तुलसी सिलावट ने भी अपना हाथ उठा दिया। प्रदेश के राजनीतिक हलकों में इस वाकये की काफी चर्चा हो रही है।दरअसल शिवराज हर प्रोफेशन का नाम लेकर बच्चों की राय जान रहे थे.

उन्होंने बच्चों से पूछा कि बताओ डॉक्टर कौन-कौन बनना चाहता है। फिर पूछा बताओ इंजीनियर कौन बनना चाहता है। इसी प्रकार मुख्यमंत्री ने साइंटिस्ट बनने और कॉलेज में पढ़ाने पर भी बच्चों की राय जानी. इसी क्रम में शिवराजसिंह चौहान ने पूछ लिया कि अच्छा बताओ, मुख्यमंत्री कौन-कौन बनना चाहता है जिसके बाद कई बच्चों ने हाथ उठा दिए।

मजेदार बात यह है कि सीएम शिवराज द्वारा मुख्यमंत्री बनने के लिए बच्चों से पूछे सवाल पर मंच पर बैठे स्कूली शिक्षा मंदिर इंदरसिंह परमार ने भी अपने दोनों हाथ उठा दिए। इधर एक अन्य मंत्री तुलसी सिलावट ने भी हंसते हुए अपना हाथ उठा दिया. उन्हें हाथ उठाते देखकर मंत्री परमार ने उनके हाथ को और ऊंचा कर दिया। ये नजारा देखकर कार्यक्रम में उपस्थित लोग भी हंस दिए. मंच पर बैठे सभी नेता भी मुस्कुराने लगे।

इधर सीएम ने बच्चों से अपना संवाद जारी रखते हुए कहा कि आप में से हर एक में पूर्ण क्षमता है. कोई ऐसा नहीं जो बड़े से बड़ा काम ना कर सके। ढंग से पढ़ाई करके जीवन में सब कुछ पाया जा सकता है। जब मामा मुख्यमंत्री बन सकता है तो भांजे-भांजियां क्यों नहीं बन सकते। इसके लिए मेहनत और लगन की जरूरत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *