
देश में इस वक्त हार्ट अटैक से अचानक मौतों के मामले बढ़ रहे हैं। किसी ने क्रिकेट खेलते हुए दम तोड़ दिया तो कोई डांस करते-करते दुनिया से रुखसत हो गया। इस बीच चंडीगढ़ से एक वीडियो सामने आया है जहां एक शख्स को कुर्सी पर बैठे-बैठे हार्ट अटैक आ गया। उस दौरान चंडीगढ़ के स्वास्थ्य सचिव यशपाल गर्ग भी वहीं मौजूद थे जिन्होंने बिना एक पल गंवाए शख्स को सीपीआर देकर उसकी जान बचाई। इसका वीडियो भी सामने आया है जो तेजी से वायरल हो रहा है। साथ ही स्वास्थ्य सचिव की सराहना भी हो रही है।
वीडियो में देखा जा सकता है कि एक शख्स को हार्ट अटैक आता है, तभी वहां चंडीगढ़ में तैनात स्वास्थ्य सचिव यशपाल गर्ग मौजूद रहते हैं. बिना देर किए हुए वो शख्स को सीपीआर देते दिख रहे हैं. इस वीडियो को सोशल मीडिया पर दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति माहिवाल ने शेयर किया है. इसके साथ उन्होंने एक कैप्शन भी लिखा है, जो सभी के लिए बेहद ज़रूरी है. कैप्शन में उन्हेंने लिखा है- एक आदमी को हार्ट अटैक आया तो चंडीगढ़ के हेल्थ सेक्रेटरी IAS @Garg_Yashpal ने तुरंत CPR देकर उस आदमी की जान बचाई. उनके इस काम की जितनी सराहना की जाए उतनी कम है. हार्ट अटैक से जानें बचाई जा सकती हैं. हर इंसान को CPR सीखना चाहिए.
इस वीडियो पर कई प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं. 1 लाख 42 हज़ार से ज़्यादा व्यूज़ देखने को मिल रहे हैं. वहीं इस वीडियो पर कई लोगों के कमेंट्स देखने को मिल रहे हैं. एक यूज़र ने कमेंट करते हुए लिखा है- ये वाकई में सबके लिए महत्वपूर्ण वीडियो है. वहीं इस वीडियो पर एक अन्य यूज़र ने कमेंट करते हुए लिखा है- पढ़ाई करो तो ऐसा करो, इसलिए ही इंसान को पढ़ना चाहिए.