
सस्ती लोकप्रियता पाने के लिए इंदौर में चलती बाइक पर सिगड़ी जलाना दो युवकों को भारी पड़ गया।इनमें से पिछली सीट पर बैठा युवक उसी जलती हुई सिगड़ी से हाथ तापता दिख रहा है। ये वीडियो जब इंदौर की ट्रैफिक पुलिस के पास पहुंचा तो अधिकारी हरकत में आए।
पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लिया और गाड़ी नंबर के आधार पर युवकों के घर का पता लगा लिया। जब पुलिस कार्रवाई करते हुए उनके घर पहुंची तो युवक तो नहीं मिले, लेकिन पुलिस ने उनकी बाइक जब्त कर उनके खिलाफ केस दर्ज करा दिया है।
चलिए आपको बताते हैं क्या है ये पूरा मामला…
जो वीडियो वायरल हुआ उसमें दो युवक हीरो होंडा स्प्लेंडर बाइक नंबर MP-09-ND-6420 से इंदौर के विजयनगर इलाके में सड़कों पर घूमते दिखे। इनमें से बाइक के पीछे बैठा लड़का जलती हुई सिगड़ी लेकर हाथ तापते हुए नजर आया। संभवतः उन्होंने एक अन्य बाइक पर सवार युवक से इसकी रील भी बनवाई। वहीं आसपास से गुजरने वाले वाहन चालक भी इनकी वीडियो बनाते हुए वायरल वीडियो में नजर आए।

दरअसल ट्रैफिक पुलिस डीसीपी महेश चंद जैन के निर्देश पर ट्रैफिक पुलिस इन दिनों सोशल मीडिया सहित अन्य प्लेटफॉर्म से मिलने वाली जानकारी पर भी यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई कर रही है, जुर्माना भी लगा रही है, यहां तक की केस भी दर्ज करा रही है। डीसीपी ट्रैफिक महेश चंद जैन ने बताया कि मामले की जानकारी मिलने के बाद कार्रवाई की गई है और विजय नगर थाने में केस दर्ज कराया गया है।
ट्रैफिक पुलिस पहुंच गई लड़के के घर:-जब ये वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो ट्रैफिक पुलिस के अधिकारी हरकत में आए। इस मामले में ट्रैफिक सूबेदार अमित कुमार यादव बाइक के नंबर के आधार पर गाड़ी के रजिस्टर्ड एड्रेस पर पहुंच गए। यहां पर उन्होंने बाइक को तो जब्त कर लिया। मगर दोनों लड़के नहीं मिले। इधर, पुलिस जब युवकों के घर पहुंची तो वहां पर उन्हें गाड़ी के मालिक कैलाश चंद्र वर्मा मिले। पुलिस ने उनसे पूछताछ की तो पता चला कि वायरल वीडियो उन्होंने भी देखा। जिसमें उनका बेटा रोहित वर्मा और उसका दोस्त प्रदीप यादव बाइक पर थे। प्रदीप बाइक चला रहा था और रोहित बाइक के पीछे बैठे कर सिगड़ी से हाथ ताप रहा था। पिता ने पुलिस को बताया कि दोनों ही लड़के बाहर गए हैं। दो दिन बाद वापस आएंगे।
पुलिस ने की जनता से अपील:-इधर, ट्रैफिक पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर विजय नगर थाने में रोहित और उसके दोस्त के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर उनकी बाइक को जब्त कर लिया है। वहीं ट्रैफिक पुलिस के अधिकारियों की मानें तो वे जिम्मेदार लोगों से मिली सूचना व सुझाव के आधार पर शहर के ट्रैफिक को सुगम, सुरक्षित और सुखद बनाने के लक्ष्य को पाने की कोशिश कर रहे हैं। पुलिस ने अपील की है कि लोग जिम्मेदार बनें, ट्रैफिक नियमों का पालन करें, गाड़ी सावधानी से चलाएं, खुद भी सुरक्षित रहें और दूसरों को भी सुरक्षित रखें।