
इंदौर के पास सिमरोल में एक अज्ञात युवती का सिर कटा शव मिला है। युवती की उम्र 20 से 30 साल की है। रास्ते से गुजर रहे ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने जब कंबल खोला तो वो भी आश्चर्य में पड़ गई।
सिमरोल टीआई आरएमएस भदौरिया से मिली जानकारी के अनुसार सिमरोल से आगे अहिल्या पठार पहाड़ी के सामने इंदौर-खंडवा रोड किनारे खाई में युवती की सिर कटी लाश मिली है। युवती का शव 3 से 4 दिन पुराना है। शव को पीएम के लिए एमवाय अस्पताल भेजा है। महिला की शिनाख्त करने की कोशिश जारी है।
कंबल में लिपटा मिला शव:-पुलिस के मुताबिक कुछ ग्रामीण जब यहां से गुजर रहे थे, तभी उन्हें यहां पर कंबल दिखा। मामला संदिग्ध लगने पर उन्होंने पुलिस को सूचना। सूचना पर पुलिस पहुंची और कंबल को खोल कर देखा तो उसमें महिला का शव मिला।
सिर गायब, तलाश जारी:-इधर, जिस महिला का शव मिला है उसका सिर गायब है। पुलिस महिला के सिर की भी तलाश कर रही है। आसपास के क्षेत्र में पुलिस ने सर्चिंग भी की, लेकिन उसका सिर नहीं मिला है। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की है। इसके अलावा पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज भी देख रही है, ताकि कोई सुराग मिल सके।
सोशल मीडिया और थानों से मांगी जानकारी:-इधर, पुलिस ने महिला के फोटो के साथ सोशल मीडिया पर भी इसकी जानकारी सांझा की है। साथ ही थाने पर भी गुम इंसान की सूचना की भी जानकारी मांगी है। महिला ने चेक प्रिंट में पिंक कलर का सलवार-कुर्ती पहन रखा है।