
बॉलीवुड एक्टर सोनू सूद आज पूरे देश में चर्चा का विषय बने हुए हैं. दरअसल, रील लाइफ में अक्सर खलनायक की भूमिका निभाने वाले सोनू सूद कोरोना काल में लाखों प्रवासी मजदूरों के लिए मसीहा बनकर सामने आए. अब वह प्रवासी मजदूरों की मदद करने के अलावा अन्य लोगों की भी सहायता कर रहे हैं. अब छात्रों का समर्थन करते हुए सोनू सूद ने ज्वाइंट एंट्रेंस एग्जामिनेशन (Joint Entrance Examination) यानी जेईई मेन (JEE Main) और नेशनल एलिजिबिलिटी एंट्रेंस टेस्ट (National Eligibility Entrance Test ) यानी नीट एग्जाम (NEET Exam) रद्द करने की मांग की है.
सोनू सूद ने मंगलवार को अपने ट्वीट में लिखा- “देश में कोरोना की मौजूदा स्थिति को देखते हुए मैं सरकार से नीट-जेईई एग्जाम को स्थगित करने की अपील करता हूं! कोरोना की स्थिति को देखते हुए हमें ज्यादा ध्यान देना चाहिए और छात्रों की जान को जोखिम में नहीं डालना चाहिए.”

जेईई मेन और नीट परीक्षा के आयोजन को लेकर विरोध बढ़ता ही जा रहा है. परीक्षा में अब एक महीने से भी कम समय बचा है और सुप्रीम कोर्ट ने भी जेईई मेन और नीट परीक्षा आयोजित कराने के लिए अनुमति दे दी है. पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को अपने ट्वीट में लिखा, “पीएम नरेंद्र मोदी जी के साथ पिछले वीडियो कॉन्फ्रेंस में, मैंने सितंबर 2020 के अंत तक विश्वविद्यालयों/कॉलेजों में टर्मिनल परीक्षाओं को पूरा करने के लिए UGC के दिशानिर्देशों के खिलाफ राय रखी थी. मैं फिर केंद्र से अपील करूंगी कि वे खतरे का आकलन करें और स्थिति के फिर से अनुकूल होने तक इन परीक्षाओं को स्थगित कर दें. यह हमारा कर्तव्य है कि हम अपने सभी छात्रों के लिए एक सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करें.”