धीरेंद्र शास्त्री के भाई का गोली दागते एक और VIDEO:शादी समारोह में हवाई फायर किया; धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री ने भाई के वीडियो वायरल होने के बाद कही ये बात – आप भी देखें वायरल वीडियो

प्रदेश  के छतरपुर में बागेश्वर धाम  के महाराज पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के भाई सौरव उर्फ शालिगराम गर्ग का बुधवार को एक और वीडियो सामने आया है। जिसमें वह कट्टे से फायर करता नजर आ रहा है। इससे पहले वायरल हुए वीडियो को लेकर पुलिस ने एक दिन पहले ही मामला दर्ज किया है।

 

इधर, धीरेंद्र शास्त्री ने अपना पक्ष रखा है। उन्होंने कहा कि हर विषय को हमसे न जोड़ा जाए। कानून निष्पक्षता से जांच करे। वहीं भीम आर्मी के प्रमुख चंद्रशेखर ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।

 

दोनों वीडियो छतरपुर जिले के गढ़ा गांव में 11 फरवरी को हुई अहिरवार समाज की बेटी की शादी के हैं। रविवार को शालिगराम का पहला वीडियो वायरल हुआ। इसमें उसके एक हाथ में सिगरेट और दूसरे में कट्‌टा है। वह दुल्हन के परिजन से गाली-गलौज करके उन्हें धमका रहा है। इस घटना की शिकायत पुलिस से नहीं की गई थी। पुलिस ने खुद संज्ञान लेते हुए केस दर्ज किया और लड़की के पिता के बयान लिए।

बुधवार को वायरल हुए दूसरे वीडियो में शालिगराम हाथ में कट्टा लिए अपने साथियों के साथ शादी पंडाल में घुसता नजर आ रहा है। वहां मौजूद लोग उसे समझाने की कोशिश कर रहे हैं। तभी वह शादी में शामिल लोगों के बीच हवाई फायर कर देता है।

शादी का कार्यक्रम बदला गया तो नाराज हो गया शालिगराम
बताया जा रहा है कि अहिरवार परिवार ने पहले अपनी बेटी की शादी बागेश्वर धाम में होने वाले सामूहिक विवाह समारोह में करने के लिए आवेदन दिया था। बाद में निजी कार्यक्रम करने का फैसला किया। इसी से गुस्सा होकर शालिगराम ने लड़की की शादी के दिन उत्पात मचाया।

धीरेंद्र शास्त्री बोले- जो करेगा, सो भरेगा
‘श्री सीताराम भगवान की जय, बागेश्वर धाम की जय, संन्यासी बाबा की जय। अभी-अभी सोशल मीडिया के द्वारा शालिगराम जी का एक विषय हमारे संज्ञान में आया। देखो हम गलत के साथ नहीं हैं। कानून निष्पक्षता और पारदर्शिता से इसकी जांच करे। हम कतई गलत के साथ नहीं हैं और हर विषय को हमसे न जोड़ा जाए।

हम अपने मार्ग में, सनातन हिंदुत्व और सहर्षि बागेश्वर बालाजी की सेवा में अनवरत लगे हुए हैं, इसलिए कृपा करके हर विषय को हमसे ना जोड़ा जाए। इस देश में संविधान है। जो करेगा, सो भरेगा। हम सत्य के साथ हैं। धन्यवाद।’

प्रत्यक्षदर्शी बोले- हम डरे हुए हैं, सुरक्षा मिले
घटना के बाद से दलित परिवार की बस्ती में दहशत है। लड़की के पिता कल्लू अहिरवार सहित परिजन बार-बार अपने बयान बदल रहे हैं। विवाह में शामिल रहे लड़की के पड़ोसी और वारदात के चश्मदीद हेमराज अहिरवार ने कहा कि सभी लोग डरे हुए हैं। मैं भी डर रहा हूं। हमें सुरक्षा दी जाए। सुरक्षा नहीं दी गई तो हमें मार दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *