
पंजाब के लुधियाना में आईपीएल मैच और सीरियल देखने को लेकर विवाद हो गया। नशे में धुत पूर्व सैनिक ने पत्नी, बेटी और साले पर फायरिंग कर दी। मामला बद्दोवाल गांव का है। पूर्व सैनिक ने पत्नी, बेटी और साले पर 12 बोर की बंदूक से फायरिंग की थी। सूचना मिलने पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तो उसने आत्मसमर्पण करने के बजाय उन पर पर भी गोलियां बरसा दीं। नशे में होने के चलते आरोपी का निशाना ठीक नहीं बैठा तो उसने रसोई गैस का सिलिंडर हाथ में लेकर उसे गोली से ब्लास्ट करने कोशिश भी की।
पुलिस ने बड़ी मशक्कत के बाद पूर्व सैनिक को काबू किया। उसके पास से 12 बोर की पंप एक्शन गन, तीन कारतूस और छह खाली खोल भी मिले हैं। आरोपी ने अपने साले की कार के चारों टायर पर गोलियां मारकर उनकी हवा निकाल दी। असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर कुलदीप सिंह की शिकायत पर पूर्व सैनिक गुरतेज सिंह के खिलाफ हत्या के प्रयास, सरकारी ड्यूटी में बाधा डालने समेत आर्म्स एक्ट और विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। दोपहर बाद उसे लुधियाना की जिला अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया गया। जांच अधिकारी कुलदीप सिंह ने बताया कि आरोपी गुरतेज सिंह की पत्नी गुरप्रीत कौर की शिकायत की जांच करने वह पुलिस टीम को साथ लेकर बद्दोवाल गए थे। उनके साथ हवलदार गुरप्रीत सिंह, सिपाही गुरदियाल सिंह और होमगार्ड मेजर सिंह टीम में शामिल थे। जब वे पहुंचे तो गुरतेज फायरिंग कर रहा था। उसके एक हाथ में गन और दूसरे में रसोई गैस से भरा सिलिंडर था।