
मेरठ: एक भाजपा पार्षद ने अपनी ही पार्टी की महिला नेता का फर्जी अश्लील वीडियो तैयार कर लिया। फिर फर्जी आईडी बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। महिला नेता को इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने भावनपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज करा दी। पुलिस की जांच में अश्लील वीडियो वायरल करने में भाजपा के वार्ड नंबर 18 से पार्षद रविंद्र का नाम सामने आया है। पुलिस इस मामले में दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच कर रही है। फिलहाल दोनो आरोपी फरार है। उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
थाना भावनपुर में भाजपा नेता ने अपनी पार्टी के पार्षद और एक अन्य परिचित के खिलाफ तहरीर दी है। आरोप लगाया है कि दोनों नेताओं ने उसका फर्जी अश्लील वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया है। पुलिस ने जांच की तो पता चला की सोमदत्त विहार निवासी भाजपा कार्यकर्ता रविंद्र नागर ने एडिटिंग करके वीडियो तैयार की है। भाजपा नेता को बदनाम करने के इरादे से उस वीडियो को उसने अपने नजदीकी वार्ड 18 से पार्षद रविंद्र को दे दिया। सराय काजी निवासी पार्षद रविंद्र ने एक फर्जी आईडी बनाई। इस आईडी से महिला नेता का वीडियो सोशल साइट पर वायरल कर दिया। इस मामले में दोनों आरोपियों के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।