
मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ की सुरक्षा में उस समय बड़ी चूक हो गई जब बड़ी संख्या मे कार्यकर्ता अपने अपने नेताओं के झंडे लेकर हेलीपैड तक पहुंच गए। स्थिति यह थी कि जब पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ का हेलीकॉप्टर नीचे उतरा तो एक झंडा तो हेलीकॉप्टर की पंखुड़ी से ही जा टकराया।
बता दें कि कमलनाथ महिदपुर में चुनावी शंखनाद करने के साथ ही आमसभा को संबोधित करने पहुंचे थे। जहां इस बार विधानसभा चुनाव में अपनी दावेदारी जताने के लिए सभी उम्मीदवारों के समर्थक भी बड़ी संख्या में अपने हाथों में नेताओं के झंडे लेकर पहुंचे थे। आमसभा पर तो नेताओं के समर्थक हाथों में झंडे लेकर नजर आ ही रहे थे, लेकिन इसे बड़ी चूक ही कहा जाएगा कि हेलीपैड पर भी यह समर्थक हाथों में झंडे लेकर पहुंच गए।
जिन्हें एक सीमित दायरे तक रोकना पूर्व मुख्यमंत्री की सुरक्षा में लगे पुलिसकर्मियों ने भी मुनासिब नहीं समझा। यही कारण था कि जब पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ हेलीकॉप्टर से उतरे उसी समय हेलीकॉप्टर की पंखुड़ी एक झंडे से जा टकराई थी। बाद में इन समर्थकों को यहां से हटाया गया, लेकिन यह लापरवाही पूर्व मुख्यमंत्री की सुरक्षा में भारी भी पड़ सकती थी।