इंदौर। बारिश होते ही सड़कें बनी तालाब; हालात ऐसे है कि जिस सड़क की तस्वीर कलेक्टर ने खुद नगर निगम को भेजी,वो तक नहीं सुधारी

प्री-मानसून की बारिश ने ही इंदौर की सड़कों की हालत उजागर कर दी है। शहर के बाहरी इलाकों की बदहाल सड़कों ने मुश्किल बढ़ा दी है। कई जगह पर सड़कों को किसी न किसी कारण से खोदने के बाद उनकी मरम्मत नहीं की गई है। बदइंतजामी के हालात ऐसे है कि जिस सड़क की तस्वीर कलेक्टर ने खुद नगर निगम को भेजी थी, वह एक महीने बाद भी नहीं सुधरी है।

यहां जान लीजिए सीएम के सपनों के शहर और 6 बार सफाई में नंबर वन स्मार्ट सिटी इंदौर में कलेक्टर ऑफिस के पास की सड़क के कैसे हैं हालात…

हम बात कर रहे हैं कलेक्ट्रेट ऑफिस से लगभग 1 किलोमीटर दूर पंढ़रीनाथ मंदिर से नंदलाल पुरा होते हुए राजवाड़ा जाने वाली सड़क की। आगे फूल मंडी से वन वे होने के कारण इस सड़क से सिर्फ आम नागरिक ही नहीं शहर के बड़े नेता और अधिकारी भी गुजरते हैं। बावजूद इसके यह सड़क उपेक्षा की शिकार है।

इलाके के स्थानीय नागरिक हरि धोड़पकर बताते हैं कि 20 साल से भी ज्यादा हो गए इस सड़क की हालत ऐसी ही है। लगभग एक महीना पहले इसी रास्ते से जिला कलेक्टर डॉ. इलैयाराजा टी. निकले थे। सड़क की हालत देखकर उन्होंने खुद अपने फोन से फोटो क्लिक कर नगर निगम के अधिकारियों को भेजे थे। इसके बाद भी अब तक कोई सुधार नहीं हुआ है। यहीं के नंदकिशोर कहते हैं कि लगभग 8-10 साल से इस गली के यही हालत हैं। 2 बार डामरी करण हुआ था लेकिन पानी के तेज बहाव के कारण सड़क उखड़ जाती है।

अब जान लीजिए शहर के कुछ अन्य इलाकों की सड़कों के हाल जिन्हें है मरम्मत का इंतजार…

बंगाली चौराहा से बिचौली मर्दाना सड़क

रिंग रोड और बाइपास वाले इंदौर शहर में सर्विस रोड के हाल बेहाल हैं। बंगाली चौराहे से बिचौली मर्दाना जाने वाले लोगों के लिए बारिश का मौसम लंबे-चौड़े गड्ढों को पार करने की चुनौती लेकर आता है। हालांकि अब यहां की सर्विस रोड पर निर्माण कार्य शुरू हो चुका है। इससे लोगों में आने वाले समय में इस परेशानी से मुक्त होने की उम्मीद जागी है।

खजराना और भंवरकुआं ओवरब्रिज पर खस्ताहाल सर्विस रोड

खजराना और भंवरकुआं ओवर ब्रिज का काम अभी प्रगति पर है। यहां कई यूनिवर्सिटी और कोचिंग संस्थान होने के कारण इसे एजुकेशन हब की पहचान भी मिली हुई है। यहां कई होटल, रेस्टोरेंट और कैफे भी हैं। ब्रिज निर्माण के कारण मुख्य सड़क ट्रैफिक के लिए बंद होने से लोग खस्ताहाल सर्विस रोड से आने-जाने को मजबूर हैं।

जर्जर सर्विस रोड पर गड्‌ढ़े बने टू-व्हीलर के लिए आफत

तीन इमली चौराहे पर बने अघोषित बस स्टैंड (प्रदेश से बाहर जाने वाली बसों के लिए) के कारण इस इलाके के सर्विस रोड छोटे वाहनों की आवाजाही के लिहाज से काफी जर्जर हो चुके हैं। भारी वाहनों के कारण सर्विस रोड पर जगह-जगह गड्‌ढे हो गए हैं। बारिश होने पर इन गड्‌ढों में पानी भरने से टू-व्हीलर सवारों को इनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता और वे हादसे का शिकार हो जाते हैं।

मोहल्लों में हो रहा जल जमाव

शहर के कई मोहल्ले और कॉलोनियां जल-जमाव की समस्या से जूझ रहे हैं। पानी की निकासी सही तरीके से नहीं होने के चलते मालवीय नगर और आसपास की निचली कॉलोनियों व मोहल्लों में हल्की बारिश में ही सड़कें लबालब हो जाती हैं।

ये तस्वीरें बर्फानी धाम, गुरु नगर और मालवीय नगर की हैं। यहां पहली बारिश का पानी सूखा ही नहीं था की रविवार को हुई लगभग आधे घंटे की बारिश से पानी घर के भीतर तक पहुंचने लगा था। लोगों का कहना है कि, मोहल्ले में जर्जर सड़क और ड्रेनेज चोक होने के कारण कई दिनों तक इसी तरह पानी भरा रहता है। आने-जाने में काफी परेशानी का होती है।

पानी निकालने के प्रयास में जुटे मालवीय नगर निवासी राज कुमार बताते हैं कि, यह समस्या आज की नहीं लगभग तीन से चार साल पुरानी है। तेज बारिश के समय पानी निकासी का उचित इंतजाम न होने के कारण घर में पानी घुसने का डर रहता है। निगम के अधिकारी और पार्षद को कई बार जानकारी दे चुके हैं लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *