मध्य प्रदेश। रानी कमलापति से निजामुद्दीन जा रही वंदे भारत ट्रेन में लगी आग, सभी यात्री सुरक्षित-देखे VIDEO

रानी कमलापति से निजामुद्दीन जा रही वंदे भारत ट्रेन के C-14 कोच के बैटरी बॉक्स में आग लग गई। घटना बीना से पहले हुई।

20171 भोपाल – हजरत निजामुद्दीन वंदे भारत सोमवार सुबह 5.40 पर रवाना हुई। बीना रेलवे स्टेशन से पहले कुरवाई केथोरा में ट्रेन के C-14 कोच में आग लगी। कोच में करीब 36 यात्री थे। सुबह 7.10 बजे कुरवाई केथोरा में ट्रेन को रोककर यात्रियों को सुरक्षित नीचे उतारा गया। दमकल टीम मौके पर है। सुबह 7.58 पर आग बुझा ली गई। ट्रेन के कोच को अलग किया जा रहा है।

यात्रा कर रहे थे कई VIP, पूरी ट्रेन को खाली कराया गया

वंदे भारत ट्रेन में कांग्रेस नेता अजय सिंह, IAS अविनाश लवानिया सहित कई अन्य VIP सफर कर रहे थे। घटना के बाद पूरी ट्रेन को खाली करा लिया गया। DRM भोपाल सौरभ बंदोपाध्याय ने बताया, ‘धुआं उठता देख गार्ड ने ट्रेन रोकी। ट्रेन को कुछ देर में रवाना करेंगे।’

यात्री बोले- आग धधकने की आवाज आई तो पैसेंजर्स भागने लगे

ट्रेन में यात्रा कर रहे पवन कुमार ने बताया, ‘C-14 कोच में जहां मेरी सीट है, उसके बॉटम से आग धधकने की आवाज आई। सारे पैसेंजर्स भागे। ट्रेन रुकी तो देखा बैटरी बॉक्स में आग धधक रही है। गार्ड के इंफॉर्म करने पर हम सभी पैसेंजर्स अपने बैग लेकर ट्रेन से नीचे उतरे।’ पवन भोपाल से दिल्ली जा रहे थे।

यात्री विशाल चौकसे ने बताया, ‘मैं रानी कमलापति से ग्वालियर के लिए जा रहा था। कुरवाई के पास गाड़ी के दोनों ओर से बहुत तेजी से धुआं उठने लगा। बाद में एकदम तेजी से आग भड़क गई। ट्रेन रोक कर सभी पैसेंजर्स को नीचे उतारा गया।’

MP की पहली वंदे भारत है रानी कमलापति-निजामुद्दीन

रानी कमलापति – निजामुद्दीन – रानी कमलापति के बीच चलने वाली वंदे भारत मध्यप्रदेश की पहली वंदे भारत ट्रेन है। 4 महीने पहले 1 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे रानी कमलापति से हरी झंडी दिखाई थी। इनॉग्रल रन में यह ट्रेन आगरा तक गई थी। ऑफिशियल रन 2 अप्रैल से शुरू हुआ। ट्रेन निजामुद़्दीन से रानी कमलापति आई। 3 अप्रैल को रानी कमलापति से निजामुद्दीन के लिए चली।

MP में चल रहीं तीन वंदे भारत

मध्यप्रदेश को अप्रैल 2023 से अब तक तीन वंदे भारत ट्रेन मिल चुकी हैं। पहली ट्रेन रानी कमलापति- निजामुद्दीन- रानी कमलापति के बीच चलती है। दूसरी और तीसरी वंदे भारत भोपाल-इंदौर-भोपाल और रानी कमलापति-जबलपुर – रानी कमलापति हैं। इन दोनों ट्रेन को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक साथ 27 जून को हरी झंडी दिखाई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *