
पूर्व भारतीय क्रिकेटर सुरेश रैना ने पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह और पंजाब पुलिस से गुहार लगाई है. दरअसल, 19 अगस्त को पठानकोट स्थित सुरेश रैना की बुआ के घर हमला हो गया था. बता दें कि 19 अगस्त को पठानकोट के माधोपुर क्षेत्र के थरियाल गांव में अज्ञात हमलावरों ने सुरेश रैना की बुआ के घर पर हमला कर दिया. हमले में सुरेश रैना के फूफा की मौत हो गई थी, जबकि परिवार के अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए थे.
रैना ने एक और ट्वीट में अपनी इस बात को पूरा करते हुए लिखा, ‘आज तक हमें यह मालूम नहीं है कि उस रात सही में हुआ क्या था और यह किसने किया है। मैं पंजाब पुलिस से इस मामले में छानबीन की अपील करता हूं। कम से कम हमें इतना तो जानने का अधिकार है कि आखिर किसने इस घिनौनी हरकत को अंजाम दिया है। उन अपराधियों को और अपराध करने के लिए खुला नहीं छोड़ा जा सकता।’ अपने इस ट्वीट में रैना ने पंजाब पुलिस, कैप्टन अमरिंदर सिंह और मुख्यमंत्री कार्यालय पंजाब के टि्वटर हैंडल को टैग किया है।पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिन्दर सिंह ने भी क्रिकेटर रैना को आश्वासन दिया है कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा. चार सदस्यीय जांच दल का नेतृत्व महानिरीक्षक (सीमा क्षेत्र) एस पी एस परमार करेंगे. एसएसपी गुलनीत सिंह खुराना, पुलिस अधीक्षक (जांच) प्रभजोत सिंह विर्क और धार कलां के डीएसपी रविन्दर सिंह इसके सदस्य होंगे.
उल्लेखनीय है कि इस मामले में पुलिस ने बताया था कि पंजाब के पठानकोट जिले के माधोपुर के पास थरिया गांव में 19-20 अगस्त की रात ये वारदात हुई थी। इस हमले में सरकारी ठेकेदार अशोक कुमार (सुरेश रैना के अंकल) की मौत हो गई थी।
अशोक कुमार के बड़े भाई श्यामलाल ने इस बात की पुष्टि की थी कि वो क्रिक्रेटर के रिश्तेदार हैं। उन्होंने कहा कि सुरेश रैना के उनके गांव आने की उम्मीद है।
बता दें हाल ही में सुरेश रैना यूएई में आयोजित होने जा रहे आईपीएल 2020 को निजी कारणों से छोड़कर भारत लौट आए हैं। टूर्नमेंट छोड़कर उनके वापस आने की वजह फिलहाल साफ नहीं है लेकिन अटकलें लगाई जा रही हैं कि रैना के देश लौटने की एक वजह उनके रिश्तेदारों पर यह घातक हमला भी है, जिसमें उनके अंकल की पहले ही मौत हो चुकी थी और उनकी बुआ और दो कजिन गंभीर रूप से घायल थे। रैना ने जानकारी दी है कि बीती रात एक कजिन ने दम तोड़ दिया है और बुआ की हालत भी गंभीर बनी हुई हैं, जिन्हें डॉक्टर ने लाइफ सपॉर्ट सिस्टम पर रखा हुआ है।