
महाराष्ट्र के नासिक में राज ठाकरे की पार्टी महा नवनिर्माण सेना (MNS) के समर्थकों ने एक टोल प्लाजा में तोड़-फोड़ कर दी। घटना रविवार रात 2 बजकर 30 मिनट की है। दरअसल, राज ठाकरे के बेटे अमित ठाकरे शनिवार को मुंबई जा रहे थे।
इस दौरान रात में लगभग 9.15 बजे सिन्नार में गोंडे टोल प्लाजा पर फास्टैग में गड़बड़ी के चलते उन्हें कुछ देर के लिए रोक दिया गया। इससे गुस्साए MNS कार्यकर्ताओं ने रात में टोल बूथ पर लाठी-डंडों से हमला बोल दिया। टोल केबिनों के कांच तोड़ दिए गए और वहां मौजूद कर्मचारियों से माफी मंगवाई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
टोल प्लाजा स्टाफ ने नहीं की शिकायत
वावी पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने बताया- मामले की जांच की जा रही है। CCTV फुटेज देखने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। अभी तक टोल प्लाजा मैनेजमेंट या स्टाफ ने मामले की शिकायत नहीं की है, लेकिन हम केस दर्ज करने की प्रक्रिया कर रहे हैं।