धर्म पथ, धर्म पथ और धर्म पथ… कौशल किशोर चतुर्वेदी

धर्म पथ, धर्म पथ और धर्म पथ

चुनाव करीब आते-आते मध्यप्रदेश धर्ममय नजर आ रहा है। सावन का महीना चल रहा है और आम इंसान शिव भक्ति में लीन है, लेकिन राजनैतिक चेहरे भी धार्मिक आयोजनों में सराबोर हैं। राजधानी की ही बात करें तो कुछ समय पहले चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने पंडित प्रदीप मिश्रा की भव्य कथा का आयोजन किया था। जिसमें देशभर के लाखों भक्त एकत्र हुए थे। कांग्रेस विधायक पीसी शर्मा ने विपक्ष में होने के नाते राजनैतिक वजह आत्महत्या की घटनाओं को रोकने और लोगों का मनोबल बढ़ाने की तलाशी थी। मगर साथ में नीम करोली बाबा की स्मृति में एक भव्य कार्यक्रम के आयोजन स्वरूप 51 हजार हनुमान चालीसा का पाठ कराया था। तो पूरे प्रदेश में राजनीति चुनावी साल में धर्ममय नजर आ रही है। मानो यह शब्द गगन में गुंजायमान हो रहे हों कि धर्म पथ, धर्म पथ और धर्म पथ।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा तो धार्मिक आयोजनों में सक्रिय नजर आते ही हैं, तो प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ भी हनुमान और राम की भक्ति का भाव बार-बार प्रकट करते ही हैं। वर्तमान में पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, कृषि मंत्री कमल पटेल और गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा की चर्चा धार्मिक वजहों से हो रही है। वैसे तो चुनावी साल में बागेश्वर धाम के धीरेंद्र शास्त्री पर भाजपा समर्थित होने के आरोप लग चुके हैं, लेकिन अब पूर्व सीएम और मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कमलनाथ छिंदवाड़ा के सिद्धेश्वर हनुमान मंदिर सिमरिया में बाबा बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की दिव्य कथा करवा रहे हैं‌। नागपुर रोड के श्री सिद्धेश्वर हनुमान मंदिर के परिसर में बागेश्वर धाम के धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की कथा 4 अगस्त से 7 अगस्त के बीच होगी, जिसके लिए तैयारियां शुरू हो गई हैं। कथा का आयोजन पूर्व सीएम कमलनाथ और उनके बेटे सांसद नकुल नाथ के द्वारा कराया जा रहा है। यात्रा का उद्देश्य धर्म के साथ चुनावी साल भी है। कमलनाथ बार-बार दोहराते रहे हैं कि राम और हनुमान सभी आस्थावान हिंदुओं के हैं। इन पर किसी एक राजनैतिक दल का कब्जा नहीं हो सकता। और दिव्यकथा में कमलनाथ की कामना भी तो चुनावी साल में कांग्रेस सरकार बने, यह होगी ही…।

वहीं छिंदवाड़ा के प्रभारी मंत्री और मध्यप्रदेश के कृषि मंत्री कमल पटेल तो केंद्र में मोदी सरकार और प्रदेश में शिवराज के नेतृत्व में फिर से भाजपा सरकार बनने की कामना कर रहे हैं। देश में एक बार फिर मोदी और मध्यप्रदेश में शिवराज सहित पूरे हरदा जिले में कमल खिलाने की मनौती को लेकर मध्य प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं किसान नेता कमल पटेल श्रावण मास के तीसरे सोमवार को हंडिया से सटे मां नर्मदा के नाभि कुंड सपरिवार पहुंचे। जहां पर उन्होंने सपत्नीक विधि विधान से प्रसिद्ध रिद्धनाथ मंदिर में भगवान आशुतोष का अभिषेक किया। तदोपरांत वे नर्मदा तट गए। जहां पर उन्होंने मां नर्मदा की पूजा अर्चन आरती करने के बाद कावड़ उठाई। शिवभक्त कांवरिया बने कृषि मंत्री कमल पटेल अपने साथ 20,000 से अधिक कांवरियों के साथ हरदा नगर में स्थित श्री 12 ज्योतिर्लिंग स्वरूप श्री गुप्तेश्वर महादेव मंदिर में मां नर्मदा के जल से जलाभिषेक करने के लिए चल पड़े। लगभग 20 किलोमीटर पैदल मार्ग में मंत्री पटेल की मन्नत कावड़ यात्रा का जगह जगह भाव विभोर स्वागत किया गया। कमल सांस्कृतिक मंच हरदा एवं इस यात्रा के संयोजक संदीप पटेल हैं। पूरी यात्रा में चल रहे कांवरियों के लिए ड्रेस कोड दिया गया है। जिसमें पुरुष भगवा कुर्ते एवं टी-शर्ट, महिलाएं भगवा साड़ी में भगवा कावड़ लेकर शामिल हुए। श्रावण मास के तीसरे सोमवार को पूरा हरदा जिला शिव भक्ति से सराबोर हो उठा।
तो गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने दतिया में आगामी माह में पार्थिव शिवलिंग निर्माण समारोह का आयोजन रखा है। दतिया में आगामी 10 अगस्त से 14 अगस्त 2023 तक पार्थिव शिवलिंग निर्माण एवं कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा की शिव महापुराण कथा होगी। उन्होंने नवीन जेल प्रांगण भांडेर रोड दतिया में अब तक किए गए प्रबंधों की समीक्षा करते हुए कहा कि ऐसी व्यवस्था करना है कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी ना हो।
तो चुनावी साल और सावन के महीने में हर विधानसभा स्तर पर धार्मिक आयोजनों की गूंज है। हर नेता धर्म पथ पर अग्रसर है। समर्थक व्यवस्थाओं में जुटे हैं तो आमजन भी धर्मलाभ लेने में पीछे नहीं हैं। कुल मिलाकर यही कहा जा सकता है कि चुनावी साल में बस एक ही पथ नजर आ रहा है और वह है धर्म पथ, धर्म पथ और धर्म पथ…।

कौशल किशोर चतुर्वेदी

कौशल किशोर चतुर्वेदी मध्यप्रदेश के वरिष्ठ पत्रकार हैं। प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में पिछले ढ़ाई दशक से सक्रिय हैं। दो पुस्तकों “द बिगेस्ट अचीवर शिवराज” और काव्य संग्रह “जीवन राग” के लेखक हैं। स्तंभकार के बतौर अपनी विशेष पहचान बनाई है।
वर्तमान में भोपाल और इंदौर से प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र “एलएन स्टार” में कार्यकारी संपादक हैं। इससे पहले इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में एसीएन भारत न्यूज चैनल में स्टेट हेड, स्वराज एक्सप्रेस नेशनल न्यूज चैनल में मध्यप्रदेश‌ संवाददाता, ईटीवी मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ में संवाददाता रह चुके हैं। प्रिंट मीडिया में दैनिक समाचार पत्र राजस्थान पत्रिका में राजनैतिक एवं प्रशासनिक संवाददाता, भास्कर में प्रशासनिक संवाददाता, दैनिक जागरण में संवाददाता, लोकमत समाचार में इंदौर ब्यूरो चीफ दायित्वों का निर्वहन कर चुके हैं। नई दुनिया, नवभारत, चौथा संसार सहित अन्य अखबारों के लिए स्वतंत्र पत्रकार के तौर पर कार्य कर चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *