इंडिगो के पायलट और को-पायलट पर सख्त एक्शन, तीन महीने तक के लिए सस्पेंड, जानिए क्या थी वजह

नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) ने सुरक्षा नियमों और मानक परिचालन प्रक्रिया (SOP) के उल्लंघन मामले में इंडिगो (indigo) के दो पायलट के लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं। यह मामला पिछले महीने अहमदाबाद हवाईअड्डे पर विमान के उतरते समय का है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि उड़ान के प्रभारी पायलट का लाइसेंस तीन महीने के लिए जबकि सह-पायलट का लाइसेंस एक महीने के लिए निलंबित कर दिया गया है।

बेंगलुरु से 15 जून को अहमदाबाद जा रहे इंडिगो के विमान के उतरते समय उसका पिछला हिस्सा जमीन से छू गया था, जिसके बाद DGCA ने मामले की जांच शुरू कर दी थी। इसके अलावा जांच पूरी होने तक दोनों पायलट को उड़ान की अनुमति नहीं देने का आदेश दिया था। डीजीसीए अधिकारी ने बुधवार को कहा, “अहमदाबाद में 15 जून को उतरते समय एयरबस 321 का पिछला हिस्सा जमीन से टकरा गया था।

DGCA ने अपनी जांच में पाया कि चालक दल ने एसओपी का उल्लंघन करते हुए विमान उतारा।” उन्होंने कहा कि इसके बाद दोनों पायलट को कारण बताओ नोटिस भेज दिया गया था। अधिकारी ने कहा कि उनके जवाब सुनने और अन्य तथ्यों की जांच करने के बाद संबंधित नियमों और एसओपी का उल्लंघन करने के आरोप में प्रभारी चालक का लाइसेंस तीन महीने के लिए और सह-पायलट का लाइसेंस एक महीने के लिए निलंबित कर दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *