इंदौर। दुकानदार पर बदमाशों का खौलता तेल से हमला; खाने के बाद पैसे नहीं देने पर हुआ विवाद-देखे VIDEO

मेघदूत गार्डन के पास लगे ठेले पर चाइनीज फूड खाने पहुंचे बदमाशों से जब व्यापारी ने पैसे मांगे तो उन्होंने व्यापारी पर हमला कर दिया। गुंडे ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर कड़ाही मेंं खोलता हुआ तेल व्यापारी पर फेंक दिया। फिर धमकाया कि आगे से पैसे मांगे तो हत्या कर दूंगा। झुलसे व्यापारी को आसपास के लोगों ने अस्पताल में भर्ती करवाया।

विजय नगर टीआई रवींद्र गुर्जर के अनुसार घायल मुकेश जैन के भाई आकाश जैन की शिकायत पर बदमाश ऋषभ जोशी, राहुल बारीक और नमन पंवार के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया है। घटना मंगलवार रात 10.30 बजे की है। आकाश ने बताया कि उसका भाई मेघदूत गार्डन के सामने चौपाटी पर चाइनीज फूड की दुकान चलाता है। इसी बीच रात में बाइक से तीनों आरोपी आए। उन्होंने ऑर्डर देकर कुछ चाइनीज फूड लिया। खाने के बाद बगैर बिल चुकाए वे जाने लगे। मुकेश ने बिल पेमेंट को कहा तो तीनोें गुस्सा दिखाने लगे।

खुलेआम धमकाया, फिर भाग गए

आरोपियों ने जनता के सामने दादागीरी दिखाई, फिर बोले हम यहां के दादा हैं, गुंडे हैं और किसी भी दुकान पर पेमेंट नहीं करते हैं। फिर वे मुकेश के साथ मारपीट करने लगे। तभी एक बदमाश ने कड़ाही में खौल रहा तेल मुकेश के ऊपर फेंक दिया। आवाज सुनकर मैं बीच-बचाव करने लगा तो तीनों ने मुझे भी पीटा। फिर धमकियां देते हुए वे भाग गए। हम लोग भाई को लेकर भंडारी फिर अरबिंदो अस्पताल लेकर गए, वहां उसका इलाज चल रहा है।

आरोपियों का है आपराधिक रिकॉर्ड

टीआई के अनुसार ऋषभ व बारीक को पकड़ लिया है, नमन फरार है। बारीक और ऋषभ के खिलाफ पहले से 2-2 केस दर्ज हैं। आरोपी ऋषभ का कहना है कि विवाद पैसे देने का नहीं, बल्कि दुकान के सामने बाइक लगाने का था।

बारीक कुछ कॉलोनाइजरों के लिए काम करता है। लोगों को धमकाकर विवादित प्लॉट खरीदने और बेचने में कॉलोनाइजरों की मदद करता है। उसके दो-तीन जघन्य अपराधों में शामिल होने का पता चला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *