
हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही बारिश, लैंडस्लाइड और बादल फटने (Himachal Cloudburst) की घटनाओं में अब तक 50 लोगों की मौत हो चुकी है. न्यूज एजेंसी ANI ने इसकी जानकारी दी. CMO की तरफ से बताया गया कि राहत और बचाव अभियान जारी है. मुख्यमंत्री खुद इसका जायजा ले रहे हैं. मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने एक वीडियो ट्वीट किया है, जिसे देखकर आपी रुह कांप जाएगी. मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मंडी जिले के संबल गांव का VIDEO शेयर करते हुए लिखा कि इस ‘भयानक स्थिति’ से निपटने के लिए राहत और बचाव कार्य जारी है. मालूम हो कि बारिश के कारण राज्य में कई जगहों पर भूस्खलन हुए हैं, जिसके चलते कई मुख्य सड़कें बंद हो गईं और कई घर ढह गए. शिमला के समर हिल इलाके में शिव मंदिर के मलबे में और लोगों के दबे होने की आशंका है. सावन का महीना होने के कारण हादसे के वक्त मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे. शिमला में दो जगह भूस्खलन हुआ है और मंदिर के पास हुआ भूस्खलन उनमें से एक है. शिमला में भारी बारिश हो रही है.

स्कूल-कॉलेजों को रखा गया बंद
शिमला के पुलिस अधीक्षक (एसपी) संजीव कुमार गांधी ने बताया कि दूसरा भूस्खलन फगली इलाके में हुआ और वहां मलबे से पांच शव निकाले गए हैं, जबकि 17 लोगों को बचा लिया गया है. मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बताया कि समर हिल इलाके में एक शिव मंदिर और फागली इलाके में एक अन्य स्थान पर भूस्खलन हुआ और मलबे से नौ शवों को बाहर निकाला गया है. भारी बारिश के मद्देनजर सभी स्कूल और कॉलेज को सोमवार को बंद रखने का आदेश दिया गया है. राज्य के आपात अभियान केंद्र के अनुसार, आपदा के कारण राज्य में 752 सड़कें बंद कर दी गई हैं. मौसम कार्यालय ने सोमवार को कुल्लू, किन्नौर और लाहौल-स्पीति को छोड़कर राज्य के 12 में से 9 जिलों में अत्यधिक भारी बारिश होने का अनुमान जताया है और मंगलवार के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है.
#WATCH समर हिल में चार शवों की पुष्टि हुई है और मलबे के अंदर 2-3 लोगों के दबे होने की आशंका है। शिमला के आसपास के इलाकों से कुल 8 शव निकाले गए हैं। मेरा मानना है कि दबे हुए लोगों की संख्या को देखते हुए हम मरने वालों की संख्या के बारे में नहीं कह सकते। हम उनकी जान बचाने की कोशिश… pic.twitter.com/AZDS0hcIC6
— ANI_HindiNews (@AHindinews) August 14, 2023
बादल फटने से घरों में घुसा मलवा
भारी बारिश, बादल फटने और भूस्खलन की वजह से हिमाचल के मंडी, शिमला, सोलन, सिरमौर,हमीरपुर,कांगड़ा,चंबा आदि जिलों में सबसे ज्यादा तबाही मची है। इन्हीं जिलों के कई इलाकों में लोग दहशत में जी रहे हैं। वहीं मिली खबर के मुताबिक धर्मपुर की तनयाहड पंचायत के नल्याणा में मकान में मलवाल प्रवेश कर जाने की वजह से तीन लोगों के दबने की सूचना है। नाहन के कंडईवाला में कल देर शाम को बादल फटने से 50 घरों में एकाएक मलबा भर गया है। चुराह, सलूनी सहित कई पहाड़ी क्षेत्र पूरी तरह से धुंध के आगोश में है। जिसके चलते लोग जरुरी काम से भी बाहर नहीं निकल पा रहे हैं। उधर जिला प्रशासन ने भी खराब मौसम में लोगों से घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है।