`
इंदौर में अपनी सुरक्षा को लेकर व्यापारियों में आक्रोश है। यहां एक दिन पहले मार्केटिंग का काम करने वाले व्यापारी के साथ लूट की वारदात में अब सीसीटीवी फुटेज सामने आए हैं। इसमें आरोपी खुलेआम पिस्टल दिखाकर सड़क चलते लोगों को धमका रहे हैं।

जूनी इंदौर इलाके में अजय टिलानी निवासी मनन टावर खाती वाला टैंक के साथ साधु वासवानी नगर में नरेश अपार्टमेंट की शॉप नंबर 9 में घुसकर लूट की वारदात को अंजाम दिया। इस मामले में बुधवार रात से गुरुवार दोपहर तक जूनी इंदौर पुलिस ने कई जगह के फुटेज खंगाले। पुलिस के हाथ लगे एक फुटेज में बदमाश पिस्टल के साथ लोगों को धमकाते नजर आ रहे हैं। इसके चलते लोग उनके पीछे नहीं भागे और बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
व्यापारियों में आक्रोश
अजय टिलानी यहां खुद के नाम से मार्केटिंग का काम करते है। आरोपी नमक गोदाम की दीवार की तरफ से आए। इसके बाद उन्होंने दुकान के अंदर जाकर अजय को पिस्टल की नोंक पर धमका कर लूट लिया। कुछ देर बाद अजय का मुनीम यहां आया तो बदमाश गेट से भागने लगे। अजय ने मुनीम से पीछा करने की बात कही। वह बदमाशों के पीछे भागे। सड़क पर चल रहे लोग भी पीछे दौड़े। लेकिन बदमाश पिस्टल दिखाकर भाग खड़े हुए।

बुजुर्ग महिला से लूट
एरोड्रम थाना क्षेत्र में 62 साल की बुजुर्ग महिला कुसुम शिवहरे के साथ लूट की वारदात हो गई। आरोपी भोलेनाथ मंदिर के पास महिला के गले से एक तोला सोने की चेन लूट कर भाग गए। महिला ने मदद के लिए आवाज भी लगाई। लेकिन बदमाश बाइक चलाकर तेजी से निकल गए। पुलिस को दोनों बदमाशों के फुटेज मिले हैं।
एक अन्य मामले में स्टूडेंट मयंक यादव से बाइक सवार दो बदमाशों ने मोबाइल लूट लिया। मयंक एरोड्रम थाने पहुंचा। मयंक ने कहा पुलिस ने मुझे सिटिजन कॉप एप पर शिकायत करने कहकर रवाना कर दिया। बाद में मयंक ने खुद बदमाशों के सीसीटीवी फुटेज निकाले। इसमें बदमाश लूट के बाद बदमाश मयंक को छेड़ते हुए भी नजर आए। इधर सिटिजन एप पर मोबाइल गुम होने को लेकर शिकायत भी की।
ऑटो चालक ने की लूट, पकड़ाए
रावजी बाजार पुलिस ने ऑटो चालक को लूट के मामले में पकड़ा है। आरोपियों ने बदनावर से इंदौर वैल्डिंग मशीन खरीदने आए कंपनी के कर्मचारी के साथ लूट की। पुलिस ने रिक्शा नंबर के आधार पर उन्हें दबोच लिया। पुलिस के मुताबिक रिकेट कुमार महतो रूफ कंपनी लिमिटेड ग्राम इन्द्रावल तहसील बदनावर से रावजी बाजार इलाके में वैल्डिंग मशीन लेने आया था।
इस दौरान वह ऑटो रिक्शा नंबर MP09RA3962 में बैठा। बातों में लेकर रिक्शा चालक समीर पुत्र इकबाल खान निवासी लाबरिया भेरु ओर उसके साथ आकाश उर्फ अक्कू पुत्र रमेश बैरागी ने उसे सुनसान गली में ले गए। यहां 40 हजार रुपए छीने और फरार हो गए। रिकेट महतो ने रिक्शा के नंबर देखे और मामले में थाने जाकर पुलिस को सूचना की। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया है।