
मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान विधानसभा चुनावों के साथ 2024 लोकसभा चुनाव (2024 Lok Sabha Elections) की तैयारियां भी तेज हो गई हैं। इस बीच शनिवार को शिवसेना सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि अगर विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A 2024 के लोकसभा चुनाव में वाराणसी सीट (Varanasi seat) से कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) को टिकट देती है तो उनकी जीत होनी सुनिश्चित है। वाराणसी से पीएम मोदी संसद हैं। पीएम मोदी ने 2014 के लोकसभा चुनाव में पहली बार इस सीट से चुनाव लड़ा था, तब से वे लगातार दो चुनाव जीत चुके हैं।
प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि I.N.D.I.A गठबंधन से पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह भयभीत हैं। यही कारण है कि वो संसद से लेकर लाल किले तक गठबंधन की आलोचना कर रहे हैं। उनके बयान में साफ उनकी बैचेनी झलक रही है। प्रियंका चतुर्वेदी ने आगे कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में 26 गैर भाजपा दलों के विधायक और सासंद एकजुट होकर चुनाव लड़ेंगे। यह चुनाव NDA बनाम I.N.D.I.A की होगा। I.N.D.I.A गठबंधन में सीट बंटवारे के सवाल पर प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि समय आने पर इसका खुलासा हो जाएगा। अगर I.N.D.I.A गठबंधन वाराणसी से प्रियंका गांधी को उम्मीदवार बनाती हैं तो शिवसेना के उद्धव खेमे का उन्हें समर्थन मिलेगा।
31 अगस्त को विपक्षी दलों की तीसरी बैठक मुंबई में होनी है। इससे पहले दो बैठक हो चुकी है। पहली बैठक जून में बिहार के पटना में हुई थी। वहीं जुलाई में कर्नाटक के बेंगलुरू में बैठक हुई थी। इन दोनों बैठकों में शामिल पार्टियों ने साथ चुनाव लड़ने पर सहमति जताई थी। गौरतलब है कि विपक्षी नेता लगातार भाजपा और मोदी सरकार पर भारतीय लोकतंत्र को दुरुपयोग करने की बात करते रहे हैं। वहीं भाजपा का कहना है कि वो तीसरी बार भी बहुमत के साथ सरकार बनाएंगे।