मुरथल के सुखदेव ढाबे में मिले 71 कोरोना पॉजिटिव, पराठे खाने वालों ने बढ़ाई चिंता

 

देश भर में जहां एक तरफ कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है वहीं ऐसे में दिल्ली-चंडीगढ़ हाइवे  पर एक ढाबे ने कई राज्यों की चिंता बढ़ा दी है. हरियाणा के मुरथल में फेमस सुखदेव ढाबे  में काम करने वाले 71 कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं. जिसके बाद ढाबे को सील कर दिया और साथ लगते दाबा गरम धरम पर एसडीएम ने दौरा किया. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक गरम धरम ढाबे में भी 10 कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं. जिसके बाद इस ढाबे को भी सील कर दिया गया है.मिली जानकारी के अनुसार, सुखदेव ढाबे पर काम करने बाहर से आए 71 कर्मचारी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। किसी में कोई लक्षण नहीं होने के कारण सभी को उनके घरों में क्वारंटाइन कर दिया गया है। मामले की सूचना पर एसडीएम विजय सिंह मौके पर पहुंचे और जरुरी दिशा-निर्देश दिया।

ढाबे के संचालक ने बताया कि एहतियात के तौर पर ढाबे को दो दिन के लिए बंद कर दिया गया है और उसे सैनिटाइज किया जा रहा है। उप सिविल सर्जन व ग्रामीण क्षेत्र की नोडल अधिकारी डॉ. गीता दहिया ने बताया कि सुखदेव ढाबा पर काम करने वालों के सैंपल की जांच की गई थी। उसमें ढाबे के कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव मिले हैं।

319 कर्मचारियों के लिए गए थे सैंपल

जिले में कोरोना संक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा है। बृहस्पतिवार को भी मुरथल के मशहूर सुखदेव ढाबा पर एकदम से कोरोना विस्फोट हुआ। ढाबा काम करने के लिए आए 71 कर्मचारी व श्रमिक कोरोना संक्रमित पाए गए। उप सिविल सर्जन डॉ. दहिया ने बताया कि एसडीएम के निर्देश पर ढाबा पर काम करने वाले कर्मचारी व श्रमिकों के सैंपल लेने का काम चल रहा था। 31 अगस्त को सुखदेव ढाबा के संचालक ने उन्हें बताया था कि उन्होंने अभी बाहर से भी कुछ कामगार बुलाए हैं। उन्होंने उनके भी सैंपल लेने का अनुरोध किया था। इस तरह ढाबे पर करीब 319 कर्मचारियों के सैंपल लिए गए थे। इनमें 71 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसकी सूचना ढाबा संचालक को दे दी गई है।

ढाबा संचालक ने बताया बिहार से आए थे कर्मचारी

उधर, ढाबा संचालक अमरीक सिंह ने बताया कि उन्होंने चार दिन पहले बिहार से बस के द्वारा करीब 100 कामगारों को बुलाया था। ये कामगार पहले भी उनके पास काम करते थे और लॉकडाउन के दौरान अपने घर चले गए थे। सभी ढाबा के साथ लगते क्वार्टर में ठहरे हुए थे। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग से सभी का कोरोना जांच करने का अनुरोध किया था। इस पर सभी के सैंपल लिए गए थे। इनमें से ही 71 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं।हालांकि इनमें किसी प्रकार का कोई लक्षण नहीं है। उन्होंने बताया कि पॉजिटिव आने वालों ने अभी ढाबा पर काम शुरू नहीं किया था। फिर भी सूचना मिलते ही बृहस्पतिवार दोपहर बाद से उन्होंने एहतियात के तौर पर ढाबा को दो दिन के लिए बंद कर दिया है और उसे सैनिटाइज करने का काम शुरू कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *