
इंदौर क्राइम ब्रांच ने एक आरोपी को पकड़ा है। आरोपी ने लोगो से शेयर मार्केट में इन्वेस्टमेंट के नाम पर करीब 68 लाख से ज्यादा की ठगी की वारदात को अंजाम दिया है। आरोपी एक रिसर्च कंपनी में काम करता था। इसके बाद वह इन्वेस्टमेंट एडवाइजर बन गया। यहीं से उसने लोगों को ठगना शुरू किया।
एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया के मुताबिक आशीष पुत्र राकेश साहू निवासी गली नंबर-1, कैंची छोला भोपाल वर्तमान निवासी शिवाजी नगर, कुलकुला मंदिर, इंग्लिश पुरा थाना कोतवाली सीहोर को पकड़ा है। आरोपी ने साल 2021-22 में पर्सनल बैंक अकाउंट से शेयर मार्केट में लाखों रुपए निवेश कर कई गुना प्रॉफिट का लालच दिया। इसके बाद मोबाइल बंद कर फरार हो गया। इस मामले में शिकायत के बाद आरोपी को पकड़ा गया।
आरोपी ने अलग-अलग लोगों से करीब 68 लाख से अधिक की ठगी की। वह 2016 में इंपेक्ट रिसर्च कंपनी में काम करता था। यहां से काम सीखने के बाद उसने मध्यम वर्गीय लोगों को अपनी बातों में लेकर इन्वेस्टमेंट के नाम पर रुपए लिए। आरोपी ने पहले अपने अकाउंट में रुपए लिए। जिसके बाद पत्नी के नाम से सीहोर में हर्बल प्रोडक्ट की दुकान खोल कर बैठ गया। यहां से डी मेट अकाउंट में वह लोगों के रुपए ट्रांसफर करता रहा। इसके लिए उसने खुद की एंजल ब्रोकरिंग फर्म बना ली थी।