
इंदौर के हीरा नगर इलाके में रहने वाले एक होटल संचालक ने गुरुवार दोपहर खुद को गोली मार ली। उसकी मौत हो गई है। सूचना के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची है।
टीआई पप्पू लाल शर्मा के मुताबिक घटना दीनदयाल नगर की है। यहां रहने वाले होटल संचालक आदित्य (30) पुत्र नंदकुमार शर्मा ने पिस्टल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। जानकारी के मुताबिक आदित्य शर्मा ने जिस पिस्टल से आत्महत्या की है, वह अवैध है।
टीआई के मुताबिक परिवार में मां और भाई हैं जो घटना के समय ऊपर के कमरे में थे। वही आदित्य नीचे के कमरे में था।

इसी पिस्टल से आदित्य ने सुसाइड किया। पुलिस ने कहा कि ये अवैध रूप से आदित्य के पास थी। ये पिस्टल सिकलीगर से खरीदी गई होगी।
दीवार पर लिखा नोट
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक होटल व्यवसायी संभवत डिप्रेशन का शिकार थे। उन्होंने घर की दीवार पर ही कई बातें लिखी हैं। पुलिस के मुताबिक उसमें एक संत के नाम का भी जिक्र किया है। उन्होंने भी कुछ समय पहले गोली मारकर जान दी थी। पुलिस अभी मौके पर है। वहीं अपनी मौत का जिम्मेदार भी खुद को बताया है। उसने जान देने के पहले सात पन्नों का सुसाइड नोट भी छोड़ा है।


